पांच करोड़ रंगदारी मांगने के आरोप में भाजपा नेता का पुत्र व दामाद गिरफ्तार
दिल्ली स्थित मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने परसुडीह के कीताडीह से भाजपा नेता के पुत्र और दामाद को गिरफ्तार किया।
जमशेदपुर जागरण संवाददाता। दिल्ली स्थित मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने परसुडीह के कीताडीह पोस्ट आफिस रोड में छापामारी कर अमन कुमार तिवारी और उसके जीजा अमन कुमार झा को गिरफ्तार किया। परसुडीह थाने में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को पुलिस दिल्ली ले गई।
अमन कुमार तिवारी बागबेड़ा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष विनोद कुमार तिवारी का पुत्र है। अमन कुमार झा दिल्ली के सुलेमान नगर स्थित इंदर इन्क्लेव फेज दो का रहनेवाला है। उसके माता-पिता को सोमवार को दिल्ली के मॉडल टाउन थाना की पुलिस ने बुलाया है। परसुडीह थाना प्रभारी अनिमेष कुमार गुप्ता ने बताया अमन कुमार झा दिल्ली में एक फैक्टरी में काम करता था। कुछ विवाद होने के बाद उसने वहां काम छोड़ दिया था। कुछ बकाया फैक्टरी मालिक के पास रह गया था, जिसकी वह मांग वह कर रहा था। विवाद होने के बाद वह यहां आकर कीताडीह में परिवार के साथ रहने लगा। सबक सिखाने के लिए कारोबारी से उसने पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के लिए अपने साले अमन कुमार तिवारी के मोबाइल सिम का इस्तेमाल किया। रुपये नहीं देने पर बुरा परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
बीबीए का छात्र है अमन
अमन तिवारी बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। उसकी सोमवार से परीक्षा होनी है। उसके पिता विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि उसकी दिमागी हालत भी ठीक नहीं है। इलाज भी चल रहा है। इससे संबंधित कागजात भी पुलिस को सौंपा गया है।