New MV Act : मुख्यमंत्री के करीबी भाजपा नेता ने की जांच में नरमी की वकालत, कही ये बात
नए ट्राफिक कानून का जहां विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं वही भाजपा से भी नियम के अनुपालन में नरमी की आवाज उठने लगी है। सीएम के करीबी नेता ने जांच में नरमी की वकालत की है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। नए ट्रैफिक कानून लागू होने के बाद लोगों की दुश्वारियां बढ़ी है। लोगों की दुखती रगों को विपक्ष दबाने की पूरी कोशिश कर रहा है और विरोध के स्वर मुखरित हो रहे हैं। वही अब भाजपा से भी लोगों की परेशानी समझने और कानून के अनुपालन में नरमी की वकालत होने लगी है।
झारखंड राज्य परिवहन प्राधिकार के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामबाबू तिवारी ने मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं राज्य के डीजीपी कमल नयन चौबे से नये मोटर वाहन अधिनियम को लेकर हो रही जांच में कुछ बिंदुओं पर नरमी बरतने का आग्रह किया है। रामबाबू तिवारी ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और ट्रिपल राइडिंग पर रोक लगाने समेत चारपहिया वाहन चलाते समय और आगे बैठने वाले को भी सीट बेल्ट लगाने की सख्ती से जांच होनी चाहिए। पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई भी जरूरी है, लेकिन वाहनों के इंश्योंरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र आदि कागजातों को लेकर आम जनता को ज्यादा परेशान नहीं किया जाना चाहिए। पुलिसकर्मी महिलाओं और बुजुर्गों के साथ से अच्छा व्यवहार करें।
मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं तिवारी
रामबाबू जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से आते हैं और मुख्यमंत्री रघुवर दास के करीबी माने जाते हैं। मुख्यमंत्री का करीबी होने के कारण ही उन्हें झारखंड राज्य परिवहन प्राधिकार का सदस्य बनाया गया था।
दोपहिया वाहन चालकों को कागजात दुरुस्त करने का मिले समय
भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री सह 20 सूत्री प्रदेश सदस्य शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि अधिक जुर्माना वसूले जाने से लोगों में नाराजगी है। कई जगहों पर पुलिस-पब्लिक के बीच टकराव की भी सूचना है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों को कागजात दुरुस्त करने के लिए सरकार की ओर से समय मिलना चाहिए। कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के आप्त सचिव राकेश राकेश कुमार तथा मीडिया सलाहकार अजय कुमार से इस संबंध में बातचीत की है।