भाजपा नेता अभय सिंह को मिली जान मारने की धमकी Jamshedpur News
भाजपा नेता अभय सिंह को किसी ने जान से मारने की धमकी दी है। अभय ने बताया कि बुधवार को उन्हें मोबाइल नंबर 9031409599 से धमकी दी गयी कि बिरसानगर वाले मामले से पीछे हटो।
जमशेदपुर, जासं। भाजपा नेता अभय सिंह को किसी ने जान से मारने की धमकी दी है। अभय ने बताया कि बुधवार को उन्हें मोबाइल नंबर 9031409599 से धमकी दी गयी कि बिरसानगर वाले मामले से पीछे हटो। अभय ने तत्काल इसकी सूचना सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट को दी।
इसके बाद अभय ने खुद उस नंबर पर कॉल किया, तो उन्हें आश्चर्य हुआ। वह नंबर धतकीडीह के मोहम्मद इम्तियाज का निकला, जो भाजपा कार्यकर्ता अजीम खान का पुत्र है।
जब इम्तियाज से धमकी के बारे में पूछा, तो उसने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे फोन से किसी ने भी फोन नहीं किया। हालांकि, अभय सिंह का कहना है कि मेरे मोबाइल के कॉल रिकार्डर में उसका नंबर है। यह अब जांच का विषय है कि यह किसने किया। अभय का कहना है कि जिला प्रशासन अविलंब जांच कर दोषी की गिरफ्तारी करे।
अभय के करीबी थे प्रकाश यादव
अभय ने मुख्यमंत्री, उपायुक्त, वरीय आरक्षी अधीक्षक, जमशेदपुर व साकची थाना को भी लिखित जानकारी दे दी है। ज्ञात हो कि 21 जुलाई को बिरसानगर में अधिवक्ता प्रकाश यादव की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दूसरे दिन ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। स्व. यादव अभय सिंह के घनिष्ठ थे।