Lok Sabha Election 2019 : तड़ीपार की तरह भाजपा और झामुमो ने दिया जिलापार उम्मीदवार
सूर्य सिंह बेसरा ने जनता से मांगा एक वोट एक नोट का समर्थन। झारखंड पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार सूर्य सिंह बेसरा ने लगाए आरोप।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता )। तड़ीपार की तरह ही भाजपा गठबंधन और यूपीए महागठबंधन ने जमशेदपुर में जिलापार उम्मीदवार दिया है। 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार जनता की आवाज कैसे बुलंद करेंगे यह सोचने वाली बात है। यह बात झारखंड पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार सूर्य सिंह बेसरा ने कही। साकची में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास चुनाव में खर्च करने के लिए पर्याप्त राशि नहीं है। चुनाव आयोग ने 70 लाख तक खर्च की छूट दी है। इसके लिए उन्होंने अपने भारतीय स्टेट बैंक का खाता संख्या 11008746460 में लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है। उन्होंने लोगों से एक नोट, एक वोट देने का आग्रह किया है। सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि बिकाऊ नहीं टिकाऊ राजनीति का आधार मुद्रा नहीं मुद्दा होना चाहिए। उन्होंने लोगों ने दुल्हा-दुल्हन की तरह ही जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो ने जमशेदपुर सीट के लिए भाजपा और चाईबासा सीट के लिए कांग्रेस के साथ सौदा किया है। जमशेदपुर में निर्मल महतो और सांसद सुनील महतो की हत्या को राजनीतिक हत्या बताते हुए उन्होंने कहा कि सांसद बने तो संसद में हत्या की जांच करवाएंगे। झापीपा के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य सिंह बेसरा ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करती है उसी प्रकार झामुमो लाश पर राजनीति करती है। भाजपा सत्ता में आई तो आदिवासी, दलित और निम्न वर्ग का जीना मुहाल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हर मुद्दे पर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डिबेट के लिए तैयार है।
एक से दस तक करेंगे रोड शो
झापीपा उम्मीदवार सूर्य सिंह बेसरा एक मई से दस मई तक जिला के विभिन्न प्रखंडों में रोड शो कर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इसके तहत एक मई को डुमरिया के अस्ती में, दो को भागाबंधी में, तीन को गुड़ाबांधा के सिगपुरा में, चार को चाकुलिया के हल्दीपोखर में, पांच को धालभूमगढ़ में, छह को जादुगोड़ा में, सात को घाटशिला के गोधानिया, दामपाड़ा में, आठ को मुसाबनी बाजार में, नौ को जमशेदपुर में समीक्षा बैठक और दस को बहरागोड़ा के मानुषमुडिय़ा में रोड शो कर जनसंपर्क करेंगे।
प्रेस वार्ता में पार्टी के जिलाध्यक्ष कृतिवास मंडल, दिनकर कच्छप, दिनेश कर्मकार, रामलाल माहली, लक्ष्मी पूर्ति, संतोष करुवा, सावन मुर्मू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।