धूमधाम से मनेगा इस हथिनी रजिनी का बर्थडे, कटेगा 20 पौंड का केक Jamshedpur News
मादा हाथी रजनी हाथियों के झुंड से बिछड़ कर सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल के समीप एक गड्ढे में जा फंसी थी। उसे घायलावस्था में निकालकर टाटा जू लाया गया था।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। हाथियों के लिए संरक्षित दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में पालतू हाथी रजनी का 10 वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी कर ली गयी है।
जमशेदपुर में रजनी के लिए 20 पाउंड का केक का ऑर्डर दे दिया गया है। दलमा के मकुलाकोचा में सात अक्टूबर को केक कटिंग होगा। जिसमें वन विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। दलमा के रेंजर दिनेश चंद्रा कहते हैं कि रजनी का जन्म दिन पूर्व से मनाया जा रहा है। यह खुशी की बात है। इससे लोगों में एक अच्छा संदेश जाता है कि जब हम अपने बच्चों का जन्म दिन मना सकते हैं तो जंगली पशुओं का क्यों नहीं। यही कारण है कि लोगों को जागरूक करने के लिए हाथी का जन्म दिन मनाया जाता है।
झुंड से बिछड़ गड़ढे में फंसी हथिनी की जान बचा नाम रखा गया रजनी
उन्होंने बताया कि इस तरह किसी अभ्यारण्य में जंगली हाथी का जन्म दिन नहीं मनाया जाता होगा। रेंजर कहते हैं कि झुंड में रहने वाली मादा हाथी रजनी हाथियों के झुंड से बिछड़ कर सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल के समीप एक गड्ढे में जा फंसी थी। उसे घायलावस्था में निकालकर टाटा जू लाया गया था, जहां काफी दिनों तक रजनी का इलाज हुआ।
जब रजनी ठीक हो गई तो उसे दलमा वन्यप्राणी आश्रयणी को सौंप दिया गया। दलमा के मकुलाकोचा में बकायदा इस मादा हाथी का नामकरण रजनी के रूप में किया गया। उसी समय से रजनी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाने लगा। रजनी का जन्मदिन मनाने के लिए दलमा वन आश्रयणी के कर्मचारियों के साथ ही मकुलाकोचा के ग्रामीणों में भी उत्साह है। दलमा के रेंजर दिनेश चंद्रा ने बताया रजनी के साथ ही चंपा भी 69 साल की हो जाएगी। उसके नाम पर भी केक काटा जाएगा।