बिहार के कृषि मंत्री को सरयू राय के घर खींच ले गई रिश्ते की डोर, विधायक के पैर में हो गया है फ्रैक्चर
रिश्तों की बात आई तो दल की दीवार गिर गई। बिहार सरकार के मंत्री व बिहार के आरा से भाजपा के विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय से मिलने उनके घर पहुंच गए। राय के पैर में फ्रैक्चर हो गया है।
जमशेदपुर, जासं। बिहार सरकार के कृषि, सहकारिता एवं गन्ना विकास मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह रविवार को जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने सरयू राय का कुशलक्षेम जाना। सरयू राय विधानसभा समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय पश्चिमी सिंहभूम के दौरे पर थे।
इस क्रम में शनिवार को सुबह टहलने के दौरान उनका पैर टूट गया था। सेल के किरीबुरू अतिथि गृह की सड़क किनारे एक उबड-खाबड़ जगह पर पैर मुड़ जाने के कारण दाहिने पैर की छोटी गली को टखना से जोड़ने वाली हड्डी दो जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बावजूद पांच घंटे तक किरीबुरू-मेगाहातुबुरु, करमपदा की लौह अयस्क खदानों का भ्रमण करते रहे। जब पैर का दर्द असहनीय हो गया तो उन्होंने किरीबुरू में एक्स-रे कराया, जिसमें हड्डी टूटने का पता चला। इसके बाद शनिवार शाम को जमशेदपुर पहुंचकर टीएमएच में डाक्टर से दिखाया, तो उन्होंने कच्चा प्लास्टर कर दिया। फिलहाल राय अपने बिष्टुपुर स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। इस बीच काफी संख्या में विभिन्न दल, समाज एवं शुभचिंतक उनसे फोन पर तथा मिलकर उनसे उनका कुशलक्षेम जान रहे हैं।
जमशेदपुर से की थी राजनीति की शुरुआत
अमरेंद्र प्रताप सिंह जमशेदपुर के ही रहने वाले हैं। यहां टाटा मोटर्स के कर्मचारी थे । अमरेंद्र प्रताप ने भाजपा में राजनीति की शुरुआत भी जमशेदपुर से ही की थी । भाजपा की जमशेदपुर महानगर जिला कमेटी बनी तो अमरेंद्र प्रताप उसके पहले अध्यक्ष बने थे। यहीं से आरा (बिहार) जाकर उन्होंने विधानसभा का चुनाव लड़ा था। तब से वे आरा से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। इस बार बिहार सरकार में उन्हें कृषि सहकारिता एवं गन्ना विकास मंत्री बनाया गया है। अमरेंद्र प्रताप की इस उपलब्धि पर जमशेदपुर में भाजपाइयों ने शनिवार को तीन जगह अभिनंदन कार्यक्रम रखा था। अमरेंद्र प्रताप रविवार को भी शहर में रहेंगे। वह सोमवार को पटना के लिए रवाना होंगे।
सरयू से अमरेंद्र प्रताप का व्यक्तिगत संबंध
यहां इस बात का उल्लेख करना जरूरी है कि विधायक सरयू राय अब भाजपा में नहीं हैं। झारखंड में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान ही इन्होंने भाजपा से बगावत करके पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इसके साथ ही उनका भाजपा से संबंध विच्छेद हो गया। वहीं अमरेंद्र प्रताप सिंह भाजपा के कद्दावर नेता हैं। दलगत संबंध नहीं होने के बावजूद उनका सरयू राय से व्यक्तिगत संबंध है। इसी नाते उन्होंने जब सुना कि सरयू राय का पैर टूट गया है, तो वे रविवार को सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंच गए।
आज बिहार सरकार के कृषि, सहकारिता एवं गन्ना विकास मंत्री और मेरे पुराने साथी श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह मेरे निवास पहुँच कर मेरा कुशलक्षेम जाना. pic.twitter.com/DBiYS6VHgr— Saryu Roy (@roysaryu) January 10, 2021