प्रताड़ना से तंग आकर शौर्य चक्र विजेता ने दी चेतावनी, न्याय नहीं मिला तो वापस करेंगे मेडल
ाष्ट्रपति से सम्मानित शौर्य चक्र विजेता मो. जावेद ने प्रताड़ित किए जाने के मामले में गुरुवार को एसडीओ कक्ष के बाहर धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें कुछ लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। प्रताड़ना से तंग आकर वे अपना मेडल लेकर एसडीओ कक्ष के बाहर धरना देकर न्याय की मांग कर रहे थे..
संस, घाटशिला : राष्ट्रपति से सम्मानित शौर्य चक्र विजेता मो. जावेद ने प्रताड़ित किए जाने के मामले में गुरुवार को एसडीओ कक्ष के बाहर धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें कुछ लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। प्रताड़ना से तंग आकर वे अपना मेडल लेकर एसडीओ कक्ष के बाहर धरना देकर न्याय की मांग कर रहे थे। न्याय नहीं मिलने पर उन्होंने सरकार को मैडल वापस करने की चेतावनी भी दी है। इधर, मामले की जानकारी मिलने पर एसडीओ अमर कुमार ने मो जावेद से पूरी जानकारी ली। एसडीओ ने सीओ रिकू कुमार से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद मस्जिद कमेटी के मास्टर शफरुदीन व जमीन दाता हाजी महमूद के साथ वार्ता हुई। हालांकि इस मामले में कोई निष्कर्ष नहीं निकला। मस्जिद कमेटी के लोगों ने कहा कि विकास का काम किया जा रहा था। मस्जिद की जमीन पर यह कार्य हो रहा हैं। उनके पास जमीन के कागजात भी हैं। देर शाम एसडीओ ने मो. जावेद को आश्वस्त करते कहा कि जो दीवार तोड़ी गई है उसका निर्माण करा दिया जाएगा। इसके बाद वे धरना समाप्त किए। पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मुख्यमंत्री, झारखण्ड पुलिस व उपायुक्त को ट्वीट कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की हैं। धरना की सूचना मिलते ही विधायक के निर्देश पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल पांडेय, झामुमो नेता सुखलाल हांसदा, मृत्युंजय यादव, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के लोग, भाजपा नेता प्रदीप तोमर, हैप्पी सिंह समेत कई सामाजिक संगठन के सदस्यों मो. जावेद को नैतिक समर्थन दिया। क्या है मामला
शौर्य चक्र विजेता मो जावेद ने बताया कि उनके घर के बाहर एक मस्जिद हैं। मस्जिद को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उनके घर के सामने से मस्जिद के लिए मुख्य मार्ग बनाया जा रहा है, जो जमीन के नक्शे में दर्ज नहीं हैं। मस्जिद प्रवेश के लिए दूसरा मार्ग हैं। अब पहले वाले मार्ग को बंद कर दूसरा रास्ता बनाया जा रहा है। इसके लिए मस्जिद कैंपस की दीवार तोड़कर गेट बड़ा किया जा रहा है। रास्ते को लेकर पूर्व में भी आपत्ति जताई गई थी, क्योंकि उनके घर के गेट पर लोग मोटरसाइकिल लगा देते है। जिससे उन्हें आने-जाने में समस्या होती है। अब सीओ के आदेश का हवाला देकर मस्जिद कमेटी के कुछ लोग जबरन दीवार तोड़ रहे हैं। आपत्ति जताने पर मुझे धमकी दी जा रही हैं। खुद को प्रताड़ित महसूस किया और धरने पर बैठ गया।
एसडीओ ने धमकी देने वालों पर कार्रवाई करने का दिया निर्देश
संस, घाटशिला : शौर्य चक्र विजेता मो जावेद ने गुरुवार को घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी से लिखित से शिकायत की है कि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आवेदन में कहा है कि उनके घर के सामने दीवार तोड़कर उन्हें धमकी दी गई। मेन गेट को बड़ा करने के लिए दीवार को तोड़ा गया था। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है। हालांकि इस मामले को लेकर थाना को सूचना दी गई थी। लेकिन पुलिस के आने से पूर्व ही दीवार को तोड़ दिया गया। उन्हें व उनके परिवार को धमकी भी दी गई। इस घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं। शौर्य चक्र मो. जावेद के लिखित शिकायत पर अनुमंडल पदाधिकारी अमर कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी को राजीव रंजन को प्राथमिकी दर्ज कर वीडियो फुटेज में धमकी देने वालों पर धारा-107 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
शौर्य चक्र विजेता का अपमान राष्ट्र का अपमान : भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल पांडेय ने कहा कि एक शौर्य चक्र विजेता का अगर अपमान होता है तो वह राष्ट्र का अपमान है। आज यह कैसी परिस्थिति उतपन्न हुई है कि एक शौर्य चक्र सम्मानित व्यक्ति को धरना पर बैठना पड़ा है। प्रशासन को इसपर गंभीरता से सोचने की आवश्यकता हैं। इस तरह से एक शौर्य चक्र विजेता का अपमान हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पूरे मामले का अविलंब समाधान निकालें।