बीडीओ ने की एफसीआइ के गोदामों की जांच, मिले खराब अनाज व साइकिल
प्रखंड सह अंचल अधिकारी सीमा कुमारी ने बुधवार को प्रखंड के तीन एफसीआइ गोदामों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सबसे पहले मुसाबनी नंबर 1 स्थित एफसीआइ गोदाम में रखे गए अनाजों को देखा। गोदाम में रखे कई बोरे चावल खराब हो चुके थे। उन्होंने एफसीआइ की इस कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की और स्टाक रजिस्टर की बारीकी से जांच की..
संसू, मुसाबनी : प्रखंड सह अंचल अधिकारी सीमा कुमारी ने बुधवार को प्रखंड के तीन एफसीआइ गोदामों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सबसे पहले मुसाबनी नंबर 1 स्थित एफसीआइ गोदाम में रखे गए अनाजों को देखा। गोदाम में रखे कई बोरे चावल खराब हो चुके थे। उन्होंने एफसीआइ की इस कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की और स्टाक रजिस्टर की बारीकी से जांच की। मौके पर उन्होंने चावल की गुणवत्ता को भी देखा। इसके बाद बीडीओ प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित एफसीआइ गोदाम पहुंची। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि गोदाम में रखी लगभग 50 बोरा चीनी खराब होकर काली हो गई थी। उसके बाद उन्होंने पुराने एफसीआइ गोदाम को भी खुलवाया। जांच के क्रम में उन्होंने पाया कि गोदाम में काफी मात्रा में मध्याह्न भोजन के लिए आई मसूर की दाल रखी गई है। कर्मियों से जानकारी मिली कि मसूर की दाल कल्याण विभाग के निर्देश पर एफसीआइ के गोदाम में रखी गई है, जिसे विभिन्न स्कूलों ने खराब बताकर लेने से इंकार कर दिया था। हालांकि बोरों में रखी मसूर की दाल ठीक लग रही है। इसके अलावा इस गोदाम में काफी संख्या में साइकिलें पाई गई। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की जांच कर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्हें बताया गया कि अनाज व साइकिल लगभग दो-ढाई साल से इसी गोदाम में बंद पड़ा है। इस अवसर पर एजीएम सिद्धेश्वर पासवान भी उपस्थित थे। पश्चिम बादिया लैंपस में 4638 क्विंटल धान की हुई खरीदारी : मंगलवार को विधायक रामदास सोरेन ने पश्चिम बादिया लैंपस का उद्घाटन किया और पहले दिन मुसाबनी प्रखंड के आठ किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य 2050 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 450 क्विंटल धान की बिक्री की थी। छह दिसंबर तक 50 किसानों ने 4,638 क्विंटल धान की बिक्री की। इस धान अधिप्राप्ति केंद्र से लगभग 200 किसान पंजीकृत हैं। पहले चरण में धान की बिक्री करने वाले कुछ किसानों को उनके बैंक खाते में आनलाइन भुगतान भी कर दिया गया है। केंद्र के संचालक काकुली घोष, रविद्र नाथ घोष व अध्यक्ष कारू मार्डी ने बताया कि अलग-अलग गांव के लगभग 50 किसानों ने स्वर्णधान, देसी धान, बाली भोजना, सीता सार आदि किस्म के धान की बिक्री की है। इनमें से अधिकांश किसानों का आनलाइन बिल बनाकर विभाग के पोर्टल पर भेज दिया गया है। धान बिक्री करने वालों में पारुलिया के किसान श्रीमंत कुमार गिरी, संजय गिरी, मोचीराम गिरी, कोईलीसुता के किशोर श्यामल, महेश मार्डी, केना राम मार्डी, रायपहाड़ी के कासु सोरेन, फुलझड़ी के सुसेन भगत समेत दर्जनों किसान शामिल हैं।