बहरागोड़ा में बिरसा मुंडा के शहादत दिवस को लेकर झामुमो-भाजपा में तनातनी
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बहरागोड़ा में बिरसा मुंडा के शहादत दिवस को लेकर झामुमो व भाजपा कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बहरागोड़ा में बिरसा मुंडा के शहादत दिवस को लेकर झामुमो व भाजपा कार्यकर्ताओं में शुक्रवार को तनातनी हो गई। बरगाड़िया पंचायत में सिदो-कान्हू बिरसा क्लब द्वारा शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा का शहादत दिवस मनाने की तैयारी की गई है। इसकी जानकारी मिलते ही झामुमो कार्यकर्ताओं ने क्लब के सदस्यों से कहा कि यहां झामुमो द्वारा कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने टेंट भी गिरा दिया, तो इसके साथ ही झामुमो कार्यकर्ता घाटशिला एसडीओ और बहरागोड़ा के थाना प्रभारी से शहादत दिवस कार्यक्रम पर रोक लगाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। झामुमो-विधायक समर्थकों का कहना है कि हमें भी उसी जगह कार्यक्रम करने दिया जाए, अन्यथा यहां किसी को शहादत दिवस मनाने नहीं दिया जाएगा।
चूंकि क्लब के ज्यादातर सदस्य भाजपाई हैं, लिहाजा उन्होंने जमशेदपुर महानगर के भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार से इसकी शिकायत की। झामुमो समर्थकों के इस कदम से बिफरे दिनेश कुमार ने इसे शहीद भगवान बिरसा का अपमान बताया और इस मामले की तीव्र आलोचना की। इस मामले को लेकर शुक्रवार को ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपायुक्त अमित कुमार से मिले, जिसमें उनसे कार्यक्रम में अवरोध उतपन्न करने वालों से सख्ती से निपटने तथा कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।
ज्ञात हो कि बरगाड़िया पंचायत में जिस मैदान पर शनिवार सिदो-कान्हू बिरसा क्लब द्वारा भगवान बिरसा का शहादत दिवस मनाया जाना है, वह जगह स्थानीय सौमित्र कुमार घोष की रैयती भूमि है। उन्होंने क्लब के आग्रह पर शनिवार को शहादत दिवस कार्यक्रम करने की लिखित अनुमति कई दिन पहले से ही सिदो-कान्हू बिरसा क्लब के नाम पर दी थी। रैयतदार के इस अनापत्ति-पत्र के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी (घाटशिला) ने क्लब को कार्यक्रम करने की लिखित अनुमति दे दी। इसके बाद झामुमो समर्थक और झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी उसी जगह पर कार्यक्रम करने की जिद पकड़ ली है और मैदान में टेंट के सामग्रिया गिरा दी है। उपायुक्त ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, ग्रामीण जिलाध्यक्ष सरोज महापात्रा, भाजपा नेता सह अधिवक्ता देवेंद्र सिंह, खादी बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी के अलावा सौमित्र कुमार घोष, महेंद्र सिंह, नंदलाल मुंडा, विक्रम किस्कू, मंगल मुंडा आदि मौजूद थे।