विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update: बहरागोड़ा में आंधी-तूफान का कहर; चित्रेश्वर में 72 घंटे से बिजली ठप, जनजीवन बेपटरी

Published: Wed, 27 May 2026 05:37 PM (IST)

बहरागोड़ा के चित्रेश्वर क्षेत्र में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आई आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिससे ...और पढ़ें

बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल क्षेत्र में तेज आंधी के कारण एक घर ध्‍वस्‍त हो गया।

बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल क्षेत्र में तेज आंधी के कारण एक घर ध्‍वस्‍त हो गया।

HighLights

  1. बहरागोड़ा में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आई तेज आंधी।

  2. बिजली गुल होने से पेयजल, मोबाइल चार्जिंग की समस्या।

संसू, बहरागोड़ा। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल क्षेत्र में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। बीते शाम चित्रेश्वर सहित इसके आसपास के तमाम ग्रामीण इलाकों में अचानक आई तेज आंधी और मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। 
 
चक्रवातीय हवाओं की रफ्तार इतनी तेज थी कि क्षेत्र के कई विशाल पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। वहीं, कई स्थानों पर मजबूत ताड़ के पेड़ भी धराशायी हो गए। 
 
इस प्राकृतिक आपदा में गरीब और मध्यम वर्ग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई झोपड़ीनुमा चाय दुकानों और कच्चे मकानों के टीन के छप्पर हवा में उड़ गए। 
 

72 घंटे से छाए अंधेरे के कारण त्राहि-त्राहि  

आंधी-तूफान का सबसे खराब असर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पर पड़ा है। तेज हवाओं के कारण बिजली के कई खंभे (पोल) उखड़ गए और मुख्य सप्लायर तार टूटकर जमीन पर आ गिरे। 
 
इसके चलते पूरे चित्रेश्वर और आसपास के इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। घटना के तुरंत बाद गुल हुई बिजली बुधवार दोपहर (करीब 72 घंटे बीत जाने) के बाद भी बहाल नहीं हो सकी थी। 
 
लगातार तीन दिनों से बिजली गुल रहने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली से संचालित होने वाले सभी घरेलू उपकरण, जैसे- इनवर्टर, पंखे और फ्रिज पूरी तरह बंद पड़े हैं। 
 
मोबाइल चार्ज न होने के कारण लोग बाहरी दुनिया से भी कटे हुए हैं। सबसे विकट स्थिति पेयजल को लेकर खड़ी हो गई है। पानी की टंकियां और मोटर न चलने से लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। 
 

विभाग का दावा: युद्ध स्तर पर जारी है मरम्मत कार्य  

दिनचर्या और घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में अब धीरे-धीरे आक्रोश पनपने लगा है। इधर, इस गंभीर समस्या को लेकर बिजली विभाग भी सक्रिय नजर आ रहा है। 
 
कनीय अभियंता (JE) और विभागीय अधिकारियों की ओर से बताया गया कि चित्रेश्वर गांव बहरागोड़ा पावर हाउस के अंतर्गत गम्हरिया फीडर से जुड़ा हुआ है। चूंकि नुकसान काफी बड़े पैमाने पर हुआ है, इसलिए बहाली में समय लग रहा है। 
 
विभाग के अनुसार, चित्रेश्वर क्षेत्र के लाइनमैन एवं बिजली मिस्त्री प्रभावित स्थलों पर तैनात हैं और युद्धस्तर पर पोल व तारों को दुरुस्त करने के काम में जुटे हुए हैं। क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत कर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है। 
 

अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान 

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, बहरागोड़ा सहित पूरे पूर्वी सिंहभूम और आसपास के जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज मिलाजुला रहने की संभावना है। 

  •     आगामी 48 घंटे: क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (हल्की आंधी) चलने की संभावना बनी हुई है। 
  •     तीसरे और चौथे दिन: तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। हालांकि, स्थानीय सिस्टम बनने के कारण शाम को कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल बन सकते हैं।
  •     पांचवें दिन: मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और धूप तीखी होने के कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।


बिजली विभाग और प्रशासन ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि अगले दो दिनों तक गर्जन या आंधी के दौरान पेड़ों, जर्जर मकानों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें।