कुल्हड़ व कपड़ों के थैले बांट कर रहे जागरूक Jamshedpur News
रेल यात्रियों को बताया कि प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े से बने थैलों का इस्तेमाल करें। रोटरी क्लब के इस अभियान में सीनियर डीसीएम मनीष कुमार पाठक भी शामिल हुए।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। सिंगल यूज प्लास्टिक को नकारने के अभियान में शहर की संस्थाएं व संगठन भी अपना योगदान दे रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या और जरूरत विकल्प की है। समस्या है तो समाधान भी खोजा जा रहा है। लोगोंंको जागरूक भी किया जा रहा है। प्लास्टिक का उपयोग बंद करने में रेलयात्रियों के सामने बड़ी समस्या हो सकती है।
इस बात को समझते हुए टाटानगर स्टेशन पर रेलयात्रियों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता के क्रम में समय समय पर कुल्हड़ और कपड़े के थैले भी उन्हें बांटे जा रहे हैं। रेलवे में प्लास्टिक पर पाबंदी लगने के बाद बुधवार को रोटरी क्लब के पदाधिकारों द्वारा कपड़े से बने थैलों का वितरण यात्रियों के बीच करते हुए उन्हें जागरुक किया।
यात्रियों को बताया कि प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े से बने थैलों का इस्तेमाल करें। रोटरी क्लब के इस अभियान में चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम मनीष कुमार पाठक व अन्य रेल अधिकारी भी शामिल हुई। इन्होंने भी यात्रियों को जागरुक किया। दूसरी ओर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने स्टेशन के विभिन्न स्टालों में मिïट्टी से बने कुल्हड़ का वितरण किया ताकि वे यात्रियों को कुल्हड़ में चाय व काफी पिलाये। कुल्हड़ का इस्तेमाल करने से यात्रियों के स्वास्थ्य पर इसका कोई असर नहीं पड़ता है जबकि कागज के बने कप में गरम चाय डालने से उसका केमिकल भी चाय के साथ यात्री के पेट में चला जाता है।
इस मौके पर सीनियर डीसीएम मनीष कुमार पाठक, एआरएम विकास कुमार, स्टेशन निदेशक एच के बलमुचू, सीआई एके सिंह, उप स्टेशन अधीक्षक एसके पति, अर्पिता मैती, के के बिल्डर के विकास सिंह व रोटरी क्लब के पदाधिकारी उपस्थित थे।