Move to Jagran APP

अटल जयंती पर तीन खेमों में बंटे दिखे भाजपाई

विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में जो बिखराव महसूस किया जा रहा था वह अब खुलकर सामने आ गया है।

By JagranEdited By: Published: Thu, 26 Dec 2019 05:34 AM (IST)Updated: Thu, 26 Dec 2019 06:21 AM (IST)
अटल जयंती पर तीन खेमों  में बंटे दिखे भाजपाई
अटल जयंती पर तीन खेमों में बंटे दिखे भाजपाई

वीरेंद्र ओझा, जमशेदपुर : विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में जो बिखराव महसूस किया जा रहा था, वह अब खुलकर सामने आ गया है। कोल्हान में करारी हार के बाद जमशेदपुर में भाजपा स्पष्ट रूप से तीन खेमे में बंटी दिख रही है। एक खेमा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ है, जिसकी अगुवाई जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार कर रहे हैं। दूसरा खेमा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को अपना नेता मान रहा है। तीसरे खेमे में वैसे बागी भाजपाई हैं, जिन्हें कोल्हान में हुए मतदान के बाद भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले के नेतृत्व में बागी भाजपाइयों ने अलग खेमा बना लिया है। तीनों खेमों ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती अलग-अलग मनाई। इसमें खास बात यह रही कि मुंडा खेमे के कार्यक्रम में भाजपा का कोई अक्स तक नहीं दिखा, जबकि बागी भाजपाइयों का आयोजन भाजपा के रंग से सराबोर दिखा। इसमें भाजपा के वैसे पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले निर्दलीय सरयू राय के लिए खुलकर काम किया था। काले खेमे ने अपना कार्यक्रम ना केवल भाजपा के जिला कार्यालय के समक्ष किया, बल्कि विशाल मंच के चारों ओर भाजपा के झंडे लगाए गए थे। मंच के सामने खुले आकाश में केसरिया व हरे रंग के हजारों बैलून झूल रहे थे। यहां अमरप्रीत सिंह काले ने जनसंघ काल के बुजुर्ग भाजपाइयों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन धनुर्धर त्रिपाठी ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में मुंडा के विश्वस्त सहयोगी रतन महतो भी शामिल थे।

loksabha election banner

साकची स्थित धालभूम क्लब में अटल जयंती का आयोजन भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विनोद सिंह ने किया था। इसमें बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक अभय सामंत, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ल, घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, महानगर भाजपा में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीरू सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव व नंदजी प्रसाद, गणेश महाली आदि मंचस्थ थे। इन सबकी उपस्थिति के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर कहीं भी भाजपा का झंडा या निशान मौजूद नहीं था। गेट के बाहर का आवरण सिर्फ केसरिया रंग के कपड़े से सजा था। यहां बताना लाजिमी होगा कि हालिया विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़नेवाले सरयू राय ने केसरिया रंग के झंडे के इस्तेमाल किया था।

------------------

भाजपाइयों ने अलग-अलग बैनर से किया आयोजन

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती भाजपाइयों ने अलग-अलग बैनर से किया। पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले का कार्यक्रम 'अटल विचार वाहिनी' के नाम से हुआ, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने 'अटल विचार मंच' के नाम से कार्यक्रम किया। दोनों आयोजनों में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य सक्रिय रहे। वाहिनी के साथ पूर्व सैनिक वरुण कुमार व मंच के कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सुशील सिंह परिषद की अगुवाई करते दिखे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.