घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश, घर में आग लगा चलते बने
महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की और सफल नहीं होने पर घर और स्कूटी में आग लगा दी।
जमशेदपुर,जासं। पहले तो घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की और सफल नहीं होने पर घर और स्कूटी में आग लगा दी। इसके बाद बच्चों के साथ जिंदा जला देने की धमकी देकर चलते बने। मामला पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के टेल्को के राधिकानगर का है।
महिला की शिकायत पर टेल्को खडंगाझार कार्तिकनगर निवासी मनोज गुप्ता उर्फ खटिया नेता, खडं़गाझार गोविंद मार्ग के पप्पू त्रिपाठी उर्फ ब्रजेश मणि त्रिपाठी, बिरसानगर जोन वनबी के प्रकाश चंद्र वर्मा और मानगो के एक युवक के खिलाफ टेल्को थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कॉलवेल बजाकर घर में हुए दाखिल
महिला ने पुलिस से बताया कि रात 11.45 बजे किसी ने कॉलबेल बजाया। जैसे ही दरवाजा पर गई तो चारों युवक धक्का देकर घर में घुस गए और दरवाजा अंदर से बंद कर दिए। मानगो का युवक अश्लील हरकत करने लगा। विरोध पर सभी युवकों ने उसे कब्जे में कर लिया। चिल्लाने पर सभी ने उसे छोड़ दिया।
शोर मचाने पर भागे
घर में आग लगाने लगे और जबरन संबंध बनाने का दबाव देने लगे। विरोध पर बच्चों के साथ घर को जला देने की धमकी देने लगे। महिला ने बताया कि शोर मचाने पर बच्चे भी आ गए। सभी के चिल्लाने पर युवकों ने घर और स्कूटी में आग लगा दी, जिससे घर का सामान जल गया। स्कूटी जलकर राख हो गई।
पुलिस कर रही जांच
महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। जांच की जा रही है। महिला ने रात में वाहन जलाने की बात कही दूसरे दिन दुष्कर्म के प्रयास का शिकायत भी की। मामला घर खाली कराने से जुड़ा हुआ है। जांच के बाद सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।
-शंकर ठाकुर, इंस्पेक्टर
शादी का झांसा देकर नाबालिग से बनाया संबंध
जमशेदपुर के ही बिष्टुपुर से 27 अक्टूबर को एक नाबालिग को भगाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में पंकज सोना को बिष्टुपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पंकज सोना के घर से बरामद नाबालिग का बयान कोर्ट में बिष्टुपुर पुलिस ने कराया। पीड़िता ने कोर्ट को बताया कि डेढ़ वर्ष से वह पंकज को जानती थी और उससे दोस्ती थी। वह उसे बहला-फुसलाकर 27 अक्टूबर को अपने दोस्त के घर ले गया। जहां दो दिन रखने के बाद साकची के स्टेट माइल रोड स्थित अपने घर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया।