अब टाटानगर से सीधे जयपुर पहुंचेगी ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया नई साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ
टाटानगर से जयपुर के लिए बहुप्रतीक्षित सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन माध्यम से इसे हरी झंडी दिखाई।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन माध्यम से इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
HighLights
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन हरी झंडी दिखाई।
खाटू श्याम श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी यात्रा की सुविधा।
जासं, जमशेदपुर । टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा की बहुप्रतीक्षित मांग सोमवार को पूरी हो गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन माध्यम से इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान टाटानगर स्टेशन पर स्थानीय सांसद बिद्युत बरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू और चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया उपस्थित रहे।
वहीं, पश्चिम बंगाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुभेंदु अधिकारी, कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष और दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन जुड़े।
दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे टाटानगर, सांतरागाछी और खातीपुरा स्टेशनों से ट्रायल रन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अपने संबोधन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सांसद बिद्युत बरण महतो अक्सर इस रेल सेवा की मांग करते थे।
हालांकि, जयपुर के मुख्य टर्मिनल पर अत्यधिक ट्रैफिक होने के कारण उन्होंने आश्वस्त किया था कि खातीपुरा में नए टर्मिनल का निर्माण पूरा होते ही यह मांग पूरी कर दी जाएगी।
आज वह वादा पूरा हो गया है, जिससे खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए हावड़ा से मुंबई तक चौथी रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग योजना की तर्ज पर अब पूरे देश में चार लेन वाली रेल लाइनों का निर्माण किया जा रहा है।
सांसद बिद्युत बरण महतो ने नई ट्रेन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने टाटानगर से बेंगलुरु के लिए भी एक नई ट्रेन चलाने की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए बेंगलुरु जाते हैं और मरीज इलाज के लिए काटपाड़ी जाते हैं, जिससे सीधी ट्रेन मिलने पर उनकी मुश्किलें कम होंगी।
इसके अलावा, सांसद ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 348 करोड़, वंदे भारत एक्सप्रेस डिपो के लिए 384 करोड़, बारीगोड़ा-गोविंदपुर रेलवे ओवरब्रिज के लिए 193 करोड़, बर्मामाइंस सिग्नेचर ब्रिज के लिए 50 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में चार नए प्लेटफॉर्म की स्वीकृति दिए जाने पर रेल मंत्री का धन्यवाद किया।
