अरुणा ने जेएससी को 8-0 से रौंदा
अरविंद लकड़ा के चार गोलों की बदौलत अरुणा समिति ने झारखंड स्पोर्टिंग क्लब को प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग में 8-0 से रौंद दिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : अरविंद लकड़ा के चार गोलों की बदौलत अरुणा समिति ने झारखंड स्पोर्टिग क्लब को 8-0 से रौंद दिया। जमशेदपुर स्पोर्टिग एसोसिएशन के तत्वावधान में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में खेले गए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग में अरुणा समिति के आगे झारखंड स्पोर्टिग क्लब की एक न चली। पिछले मुकाबले में हार का स्वाद चखने वाली अरुणा समिति की टीम आज शुरुआत से ही आक्रामक नजर आ रही थी। खेल के 16वें मिनट में अरविंद लकड़ा ने पहला गोल दाग झारखंड स्पोर्टिग क्लब को अपनी टीम की मंशा बतला दी। 35वें मिनट में अरविंद ने दूसरा गोल किया। मध्यांतर तक अरुणा समिति 2-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। 59वें मिनट में राहुल मुखी ने गोल किया। उसके बाद अरविंद लकड़ा ने 64वें, 66वें व 69वें मिनट में लगातार तीन गोल दाग झारखंड स्पोर्टिग क्लब की जीत के सभी रास्ते बंद कर दिए। जगदीश सरदार ने 76वें मिनट में राजीव मार्डी ने 89वें मिनट में गोल कर अरुणा को 8-0 से जीत दिला दी। रफ प्ले के लिए झारखंड स्पोर्टिग क्लब के विश्वनाथ मार्डी को पीला कार्ड दिखाया गया।