अर्जुन अवार्डी एथलेटिक्स कोच बगीचा सिंह को उपायुक्त ने किया सम्मानित Jamshedpur News
बगीचा सिंह ने एथलेटिक्स में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई गौरव प्रदान किए हैं। 38 वर्षों तक टाटा स्टील में अपनी सेवा प्रदान करने के उपरांत हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। अर्जुन अवार्ड से सम्मानित बगीचा सिंह बगीचा सिंह को खेल (एथलेटिक्स) के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने मंगलवार को सम्मानित किया। उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में बगीचा सिंह के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। बगीचा सिंह ने एथलेटिक्स में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई गौरव प्रदान किए हैं। 38 वर्षों तक टाटा स्टील में अपनी सेवा प्रदान करने के उपरांत हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं।
एक हजार से ज्यादा उत्कृष्ट खिलाडि़यों को बगीचा ने है तराशा
अपने सेवाकाल के दौरान बगीचा सिंह ने एक हजार से अधिक जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी दिए हैं। इस सम्मान कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी मनमोहन प्रसाद, मुख्य हैंडबॉल कोच हसन इमाम (टाटा स्टील) भी उपस्थित थे।
ये बगीचा का संक्षिप्त परिचय
पिता का नाम- फेरु राम, माता का नाम- गुरबचन कौर, ग्राम- चक फुल्लु (पंजाब)
बगीचा सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव से ही पूरी की तथा स्नातक बीएएम कॉलेज, गढ़शंकर (पंजाब यूनिवर्सिटी) से किया। अपने जीवन का पहला मेडल पंजाब यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में शिरकत करते हुए प्राप्त किया फिर निरंतर एथलेटिक्स के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहे। अतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का भी गौरव बगीचा सिंह को प्राप्त हुआ।