'पहले 99 सांसदों से इस्तीफा दिलाएं, फिर EC पर उठाएं सवाल', केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा ने राहुल गांधी पर बोला हमला
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राहुल गांधी पर चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राहुल गांधी पर बोला हमला। (जागरण)
HighLights
राहुल गांधी पर चुनाव आयोग के प्रति अविश्वास फैलाने का आरोप।
कांग्रेस के 99 सांसदों से इस्तीफा दिलाने की चुनौती दी।
बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का आरोप।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस के सांसद जीतते हैं तो प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाया जाता, लेकिन हार के बाद चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जाते हैं। भाजपा इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
निर्मल गेस्ट हाउस में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी संविधान की किताब लेकर घूमते हैं, जबकि संविधान का उल्लंघन उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में हुआ था।
उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी को चुनाव प्रक्रिया पर इतना ही भरोसा नहीं है तो पहले कांग्रेस के चुने हुए 99 सांसदों से इस्तीफा दिलाएं। इसके बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठाएं।
देश में भ्रम का माहौल बना रहे राहुल गांधी
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों से देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश हो रही है। भाजपा इसे सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने एसआईआर का विरोध करने पर भी राहुल गांधी को घेरा। आरोप लगाया कि एसआईआर के विरोध का उद्देश्य बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री ऐसा कतई नहीं होने देंगे। प्रेस वार्ता सांसद बिद्युत बरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा व अन्य उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- 'रिजीम चेंज की साजिश रच रहे', निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत का लगाया आरोप
