ARCHERY : एशिया कप तीरंदाजी में टाटा की अंकिता ने साधा स्वर्ण पर निशाना
बैंकाक में 24 से 30 मार्च तक आयोजित एशिया कप स्टेज-1 तीरंदाजी में टाटा आर्चरी एकेडमी की अंकिता भकत ने एक स्वर्ण व एक रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। बैंकाक में 24 से 30 मार्च तक आयोजित एशिया कप स्टेज-1 तीरंदाजी में टाटा आर्चरी एकेडमी की अंकिता भकत ने एक स्वर्ण व एक रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की है।अंकिता ने स्वर्ण पदक मिश्रित युगल स्पर्धा में जीता, जबकि रजत पदक टीम स्पर्धा में।
मिश्रित युगल के फाइनल में अंकिता ने अपने जोड़ीदार यशदीप भोगे के साथ मिलकर म्यांमार की टीम को 6-2 से पराजित कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। इससे पूर्व अंकिता और यशदीप ने क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया को 5-3 से तथा सेमीफाइनल में चीन को 5-4 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
महिला रिकर्व टीम को रजत
अंकिता की अगुवाई वाली भारतीय महिला रिकर्व टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल में अंकिता भकत, हिमानी बोरो और प्रमिला बेन बारिया को मजबूत चीन के खिलाफ 0-6 से पराजय का सामना करना पड़ा। इससे पूर्व भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 5-4 से तथा सेमीफाइनल में रूस को 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। एशिया कप में भारतीय तीरंदाजों ने तीन स्वर्ण, दो रजत व दो कांस्य पदक के रूप में कुल सात पदक जीते।