जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में जल्द शुरू होगी अमृत फार्मेसी, मरीजों को बाजार से कम कीमत पर मिलेंगी दवाइयां
जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जल्द ही अमृत फार्मेसी शुरू होगी, जिससे मरीजों को बाजार से काफी कम दरों पर दवाएं और सर्जिकल सामान मिल सकेगा।

मरीजों को बाजार की निजी दुकानों की तुलना में काफी रियायती दरों पर जरूरी दवाइयां और सर्जिकल सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
HighLights
एमजीएम अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू होने की प्रक्रिया तेज।
मरीजों को बाजार से काफी कम दाम पर मिलेंगी दवाएं।
आर्थिक बोझ कम होगा, किफायती इलाज एक ही छत के नीचे।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी (Amrit Pharmacy) शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और इसके लिए निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है।
इस फार्मेसी के चालू होने के बाद मरीजों को बाजार की निजी दुकानों की तुलना में काफी रियायती दरों पर जरूरी दवाइयां और सर्जिकल सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
अमृत फार्मेसी के खुलने से सबसे बड़ा लाभ उन मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अस्पताल में भर्ती या इलाज के दौरान बाहर की दुकानों से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं।
एमजीएम में प्रतिदिन ओपीडी (OPD) में औसतन 1,400 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा अस्पताल में 500 बेड का इनडोर वार्ड भी संचालित है।
ऐसे में एक ही परिसर के भीतर सस्ती दवाएं मिलने से मरीजों के परिजनों का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा।
अमृत फार्मेसी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां जेनेरिक दवाइयों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण ब्रांडेड दवाएं, सर्जिकल आइटम और अन्य मेडिकल उत्पाद भी भारी छूट पर मिलेंगे।
हालांकि, कौन-कौन सी दवाएं उपलब्ध रहेंगी और उन पर कितनी प्रतिशत छूट मिलेगी, इसकी पूरी और अंतिम सूची फार्मेसी का संचालन शुरू होने के समय जारी की जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराकर फार्मेसी की बिक्री सेवा शुरू कर दी जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती इलाज की सुविधा एक ही छत के नीचे मिल सके।
