अलकायदा के संदिग्ध आतंकी अब्दुल शामी की कोर्ट में हुई पेशी
जमशेदपुर के धातकीडीह इलाके के रहनेवाले शमी की गिरफ्तारी हरियाणा के मेवात से अलकायदा से जुड़े होने के संदेह में हुई थी।
जमशेदपुर(जेएनएन)। अलकायदा के संदिग्ध आंतकी अब्दुल शामी की गुरुवार को जमशेदपुर के न्यायालय में पेशी हुई। अब्दुल शामी को बुधवार देर रात दिल्ली के तिहाड़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच जमशेदपुर लाया गया था। जमशेदपुर के धातकीडीह इलाके के रहनेवाले शमी की गिरफ्तारी हरियाणा के मेवात से अलकायदा से जुड़े होने के संदेह में हुई थी।
वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है। इससे पहले दिल्ली पुलिस उसे न्यायालय में पेशी के लिए 12 अक्टूबर को जम्मूतवी ट्रेन से शहर लेकर पहुंची थी। ट्रेन के विलंब होने के कारण उसकी पेशी नहीं हो पाई थी। न्यायालय ने उसकी पेशी की अगली तिथि 25 अक्टूबर तय की थी।
स्पेशल ब्रांच ने किया था गिरफ्तार
आंतकी संगठन से जुड़े रहने, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धारा के तहत बिष्टुपुर थाने में 20 जनवरी 16 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में अब्दुल रहमान कटकी, नसीम, अहमद मसूद को दिल्ली की स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
बरामद हुए थे कई दस्तावेज
पुलिस अहमद मसूद के धतकीडीह रज्जाक कालोनी आवास से आतंकी गतिविधि से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए गए थे। अहमद मसूद और नसीम दोनों घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद है। अब्दुल रहमान कटकी ओडिशा का निवासी है। उसे 15 दिसंबर 15 को गिरफ्तार किया था।
हरियाणा से पकड़ा गया
कटकी की निशानदेही पर अब्दुल शामी को हरियाणा से पकड़ा गया था। मालूम हो कि वर्ष 16 में अब्दुल शामी और अब्दुल रहमान कटकी को बिष्टुपुर पुलिस ने 14 दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। इसमें अलकायदा संगठन से जुड़े कई युवकों का नाम-पते की जानकारी एटीएस को मिली थी।