स्वाइन फ्लू की सभी रिपोर्ट निगेटिव, कोरोना के मिले दो मरीज Jamshedpur News
Swine Flu Jamshedpur चिकित्सकों का कहना है कि स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट रहने की जरूरत है। क्योंकि स्वाइन फ्लू के मरीज इसी मौसम में देखने को मिलते हैं। वहीं गुरुवार को कुल चार हजार 557 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें तीन संक्रमित मरीज मिले।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वाइन फ्लू के दस संदिग्ध मरीज मिले थे। सभी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। गुरुवार को आई रिपोर्ट में सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जो राहत देने वाली खबर है। हालांकि, चिकित्सकों का कहना है कि इसे लेकर अलर्ट रहने की जरूरत है। क्योंकि स्वाइन फ्लू के मरीज इसी मौसम में देखने को मिलते हैं। वहीं, गुरुवार को कुल चार हजार 557 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें तीन संक्रमित मरीज मिले। ये मरीज, साकची, सोनारी व मानगो के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हजार 21 हो गई है।
छह हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूना
पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से गुरुवार को कुल छह हजार 339 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट शनिवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 17 लाख 82 हजार 329 लोगों की जांच हो चुकी है।
तीन मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
शहर के विभिन्न कोविड अस्पताल में भर्ती कुल तीन मरीज गुरुवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 940 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.93 प्रतिशत है।
एक हजार से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की पहली डोज
पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को एक हजार 340 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। वहीं, चार हजार 760 लोगों ने दूसरी डोज ली है। जिले में अभी तक कुल 13 लाख 33 हजार 593 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, छह लाख पांच हजार 133 लोगों ने दूसरी डोज ली है।