अब वीडियो कांफ्रेंसिंग से होगी अलकायदा आंतकी की पेशी, तिहाड़ जेल में बंद है अब्दुल सामी
Al qaeda. आतंकी संगठन अलकायदा के संदिग्ध आतंकवादी अब्दुल सामी की कोर्ट में पेशी अब वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। सामी फिलवक्त दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। आतंकी संगठन अलकायदा के संदिग्ध आतंकवादी अब्दुल सामी की कोर्ट में पेशी अब वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। सामी फिलवक्त दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है। वहां से जमशेदपुर लाकर कोर्ट में पेश कराने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमशेदपुर की अदालत में सामी को पेश किया गया। अब्दुल सामी का मामला सीजेएम कोर्ट से प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी शेषनाथ सिंह की अदालत में चला गया था। जिसके कारण आतंकवादी को शेषनाथ सिंह की अदालत में पेश किया गया। अदालत में न्यायाधीश ने नाम पता पूछा, जिसे सामी ने बताया। इसके बाद अदालत ने अपने आदेश में कहा कि अब्दुल सामी को दिल्ली के तिहाड़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी। अदालत में पेश होने की अगली तिथि चार फरवरी निर्धारित की गयी है।
विशेष सुरक्षा में लाना पड़ता है समी को
अब्दुल सामी को विशेष सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस दिल्ली से जमशेदपुर लेकर आती है। जिसमें समय के साथ ही सुरक्षा व सरकारी राशि खर्च होती है, ऐसी स्थिति में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ही पेशी की व्यवस्था की गई है। पेशी के बाद पुलिस भारी सुरक्षा व्यवस्था में बिष्टुपुर ले गयी, जहां से उसे टे्रन से तिहाड़ के लिए ले जाया गया।
धतकीडीह का रहनेवाला है अब्दुल सामी
अलकायदा इंडिया के संदिग्ध आतंकवादी अब्दुल सामी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हरियाणा के मेवात से गिरफ्तार किया था। अब्दुल सामी जमशेदपुर के धतकीडीह निवासी अब्दुल सत्तार का पुत्र है। पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण व चौंकाने वाली जानकारी मिली थी। अब्दुल सामी ने बताया था कि जनवरी 2014 में वह दुबई के रास्ते पाकिस्तान गया था, वहां करांची में कुछ दिन रुकने के बाद पाकिस्तान के मंसेरा में हथियार चलाने का प्रशिक्षण लिया था। इसके बाद जनवरी 2015 में वह भारत आ गया था। वह कटक से गिरफ्तार आतंकवादी अब्दुल रहमान उर्फ कटकी के संपर्क में था।