आजसू विधायक ने कही बड़ी बात, बोले 2019 में नहीं चलेगा मोदी फैक्टर
आजसू पार्टी के विधायक रामचंद्र सहिस ने कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी फैक्टर कारगर नहीं होगा। आजसू झारखंड में सभी विस सीटाें पर लड़ेगी।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद झारखंड में भाजपा की सहयोगी आजसू पार्टी के तेवर तल्ख होने लगे हैं। इस कड़ी में पार्टी के एक विधायक ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि 2019 में मोदी फैक्टर नहीं चलेगा। ये विधायक हैं पूर्वी सिंहभूम के जुगसलाई क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सहिस।
सहिस पार्टी के प्रधान महासचिव भी हैं। उन्होंने जमशेदपुर के मानगो ग्रीन सिटी आवासीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा कि आजसू पार्टी 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि लोकसभा चुनाव में चुनिंदा सीटों पर प्रत्याशी देगी। उन्होंने कहा कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में इस बार उनकी जीत सुनिश्चित तो है ही, जीत का अंतर भी बहुत बड़ा होगा। विधानसभा चुनाव में आजसू बड़ी पार्टी बन कर उभरेगी और हर हाल में सत्ता पर कब्जा होगा।
स्वाभिमान यात्रा से बढ़ी ताकत
विधायक ने कहा 2019 के चुनाव में मोदी फैक्टर प्रभावी नहीं होगा। हिंदू-मुस्लिम के नाम पर वोट नहीं मिलेगा। विधायक ने कहा कि पूरे राज्य में जितनी सक्रियता आजसू और पार्टी कार्यकर्ताओ की है उतनी किसी और में नहीं। पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो की स्वाभिमान यात्रा से सभी दलों का हवा निकल गयी है। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की जबकि संचालन जिला प्रवक्ता संजय सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन मनजीत यादव ने किया। बैठक में जमशेदपुर प्रखंड के 36 पंचायत, जुगसलाई नगरपालिका के सभी वार्ड से सभी पंचायत प्रखंड और जिला स्तर के कार्यकर्ता मौजूद थे।