बोनस व ग्रेड समझौते को लेकर 20वें दिन जारी रहा टीआरएफ कैंटीन का बहिष्कार Jamshedpur News
टीआरएफ कर्मियों ने डीसी के बाद डीएलसी से लगाई समझौते की गुहार 20वें दिन भी जारी रहा कैंटीन बहिष्कार।
जमशेदपुर (जासं)। टाटा स्टील की सहायक कंपनी टाटा रॉबिंस फ्रेजर लिमिटेड (टीआरएफ) में बोनस व ग्रेड को लेकर 20वें दिन बुधवार को भी कर्मचारियों ने कैंटीन बहिष्कार जारी रखा। कर्मचारियों का ग्रेड कई माह से लंबित चल रहा है। वहीं आधा से ज्यादा कर्मचारी बोनस से वंचित रह गए हैं।
इस मामले को लेकर कर्मचारियों ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। फिर उपायुक्त के निर्देश पर कर्मचारियों का जत्था उप श्रमायुक्त से मिला। उनके सामने अपनी बातें रखी थी। उसके बाद श्रम विभाग मामले को लेकर गंभीर हो गया है, तथा कार्रवाई शुरू कर दी है।
यहां कर्मचारियों को बोनस एक्ट के मुताबिक 8.33 फीसद बोनस मिला है। इसमें बेसिक-डीए मिलाकर 21 हजार से ज्यादा वेतन पाने वाले कर्मचारी बोनस से वंचित रह गए हैं, इनकी संख्या एक सौ से पार है। उधर कर्मचारियों का ग्रेड भी कई साल से लंबित है। इन दोनों मामले को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन शुरू है।
पुराने कर्मियों का ग्रेड एक अप्रैल-15 से है लंबित
टाटा रॉबिंस फ्रेजर लिमिटेड (टीआरएफ) में नये कर्मचारियों का ग्रेड एक दिसंबर 2015 और पुराने कर्मचारियों का एक अप्रैल 2015 से लंबित है। समझौता नहीं होने से कर्मचारी पुराने ग्रेड वाले वेतन पर ही काम कर रहे हैं। कर्मियों का कहना है कि बोनस के साथ-साथ प्रबंधन- यूनियन ग्रेड रिवीजन भी कराए। वहीं प्रबंधन घाटे का हवाला देकर वर्तमान में कोई समझौता के लिए तैयार नहीं है। इससे पहले भी लंबित ग्रेड को लेकर कर्मचारी कैंटीन बहिष्कार कर चुके हैं।