आशियाने पर आफत से टूटा सब्र, लोगों ने किया सीएम आवास कूच
जमशेदपुर के बिरसानगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए हैं। सभी मुख्यमंत्री आवास के करीब जमे हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। आशियाने पर आफत आई तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया और लोग एकजुट होकर जमशेदपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच कर गए। मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की खबर जब पुलिस-प्रशासन को लगी तो सतर्कता बढ़ा दी गई और मुख्यमंत्री आवास के रास्ते की घेराबंदी कर दी गई। मुख्यमंत्री आवास से दो सौ मीटर की दूरी पर लोगों को रोक दिया गया है और लोग सड़क पर जम गए हैं। सिटी एसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
दरअसल, पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के बिरसानगर इलाके में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान पिछले कई दिनों से चल रहा है। जमीन पर सैंकड़ो मकान बने हैं। बीते चार दिनों के अंदर लालटांड में 70 घरों को तोड़ दिया गया है। बाकि पुराने घरों को भी तोड़ने की तैयारी है। लालटांड गांव में करीब 110 घर हैं, यानी 550 लोग प्रभावित होंगे।
हो चुकी है झड़प
लोग अतिक्रमण हटाने का विरोध तो कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक सख्ती और तैयारी के आगे किसी की नहीं चल रही है। घर टूटने के बाद 70 से अधिक परिवार बेघर हो गये हैं। वह खुले आसमान के नीचे रात काटने को मजबूर हैं। उनके साथ में छोटे-छोटे बच्चे भी हैं।। स्थानीय लोगों में भू-माफियाओं के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इतने दिनों से पुलिस-प्रशासन कहां और क्या कर रही थी।
बनेगा पीएम आवास, 32 हजार परिवार बसेंगे
लालटांड गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 32 हजार घर बनाया जाएगा। इसके लिए 26 एकड़ जमीन चिन्हित कर उसे खाली कराया जा रहा है। इस जमीन के अधिकांश हिस्सों में अवैध कब्जा है जिसपर घर बना लिया गया है।
बिना नोटिस के ही तोड़ दिये गए 70 घर
घरों पर जब बुलडोजर चलाए जा रहे थे तब लोगों ने प्रशासन से नोटिस मांगा, लेकिन किसी को नोटिस नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि वह बीते 10 से 12 सालों से घर बनाकर रह रहे हैं लेकिन किसी भी परिवार को लिखित नोटिस नहीं दिया गया।