मंत्री बनने के बाद बोले बन्ना, सेवक बन करुंगा झारखंड की सेवा Jamshedpur News
बन्ना गुप्ता ने कहा कि झारखंड में अपार संभावनाएं हैं। अभी इस राज्य में बहुत कुछ किया जाना बाकी है। काम करने वाले के लिए जिधर देखिए काम ही काम है।
जमशेदपुर ( जागरण संवाददाता)। मंत्री बन्ना गुप्ता और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक बन्ना गुप्ता ने कहा कि मैं मंत्री नहीं जनता का सेवक बनकर पूरे राज्य की जनता की सेवा करुंगा। बन्ना गुप्ता मंगलवार को रांची में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद दैनिक जागरण से फोन पर बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झारखंड में अपार संभावनाएं हैं। अभी इस राज्य में बहुत कुछ किया जाना बाकी है। काम करने वाले के लिए जिधर देखिए काम ही काम है। इसलिए जरूरी है कि अपने अंदर सेवा की भावना रखी जाए और जनता ने जिस भरोसे के साथ अपना जनप्रतिनिधि चुना है, उस भरोसे को बरकरार रखा जाए। मैं जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं हमेशा के आम सेवक की ही तरह लोगों को के बीच मिलूंगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी विभाग तय नहीं हुआ है। जब विभाग तय हो जाएगा, तब प्राथमिकताओं के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, सह प्रदेश प्रभारी उमंग सिंघार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं कृतज्ञ हूं कि मुझे पार्टी से मंत्री पद की जिम्मेदारी के योग्य समझा। उन्होंने जमशेदपुर पश्चिमी की जनता और मतदाताओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं जमशेदपुर पश्चिमी की जनता की उम्मीदों पर शत प्रतिशत खरा उतरने की कोशिश करुंगा।
मंत्री बने बन्ना के आवास व कार्यालय में पसरा रहा सन्नाटा
मंगलवार को कांग्रेस सहित बन्ना समर्थकों के लिए खुशी का दिन था। लेकिन झारखंड सरकार में मंत्री बने बन्ना गुप्ता के कार्यालय व घर पर सन्नाटा पसरा रहा।
मंगलवार को रांची स्थित राजभवन में बन्ना गुप्ता ने झारखंड सरकार में दूसरी बार मंत्री पद की शपथ ली। ऐसे में उम्मीद थी कि जमशेदपुर के कदमा स्थित उनके आवास व कार्यालय पर समर्थकों की भीड़ होगी। मिठाई बंटते होंगे, समर्थक पटाखे फोड़ रहे होंगे। लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं था। शाम छह बजे उनके आवास व कार्यालय पर सन्नाटा पसरा रहा। बस उनका आवासीय कार्यालय खुला था।
वहां भी दो-तीन कर्मचारी स्थानीय निवासियों के काम करने के लिए तैनात थे। पूछने पर पता चला कि परिवार के सभी सदस्य, समर्थक और बन्ना गुप्ता के करीबी रांची गए हैं। इसलिए यहां फिलहाल कोई जश्न का माहौल नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री बनने के बाद बन्ना गुप्ता के शहर आगमन पर ही जश्न होगा।