आद्रा स्टेशन पर हादसा: स्कूल ड्रेस पहनकर निकला नौवीं का छात्र ट्रेन की चपेट में आया, मौत
आद्रा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक 15 वर्षीय छात्र चेतन आनंद की ट्रेन की चपेट में आने से मौत ...और पढ़ें

पुलिस ने घटनास्थल से छात्र का स्कूल बैग और पहचान पत्र बरामद किया।
HighLights
आद्रा स्टेशन पर 15 वर्षीय छात्र चेतन आनंद की मौत।
परिजनों के अनुसार छात्र मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
संसू, पुरुलिया । आद्रा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह 15 वर्षीय छात्र की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आद्रा के नौवीं कक्षा के छात्र चेतन आनंद के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतन आनंद शनिवार सुबह घर से स्कूल ड्रेस पहनकर और कंधे पर बैग टांगकर निकला था।
हालांकि, वह स्कूल जाने के बजाय आद्रा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंच गया। इसी दौरान पुरुलिया-बर्द्धमान मेमू पैसेंजर (MEMU) ट्रेन आ रही थी।
ट्रेन के प्रवेश करते ही चेतन रेलवे ट्रैक पर आया और ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आद्रा जीआरपी (GRP) पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल से छात्र का स्कूल बैग और पहचान पत्र (ID Card) बरामद किया। घटना की खबर मिलते ही चेतन के पिता धर्मेंद्रनाथ राउथ बदहवास हालत में स्टेशन पहुंचे। बेटे के बेजान शरीर को देखकर वह फूट-फूटकर रो पड़े।
चेतन आद्रा के पलाशकोला स्थित धबीमुस्लिम बस्ती का निवासी था। उसके पिता अनाड़ा में रेलवे के रनिंग स्टाफ विभाग में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं।
परिजनों के मुताबिक, चेतन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
