Health Tips: दिनचर्या में अपना लें ये आदतें तो हमेशा रहेंगे स्वस्थ, बता रही हैं आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ सीमा पांडेय
Health Tips यदि छोटी-छोटी आदतों को दिनचर्या में शामिल कर लें तो हमेशा स्वस्थ रहेंगे। आपको न दवा खाने की आवश्यकता पड़ेगी ना अस्पताल जाने की। आपको बीमारी ही नहीं होगी। यदि शुरू हो रही है तो ठीक भी हो जाएगी।
जमशेदपुर, जासं। हम बीमार इसलिए पड़ते हैं, क्योंकि हम छोटी-छोटी बातों का ध्यान नहीं रखते। यह भी लापरवाही की वजह से होता है, तो कई बार जानकारी के अभाव में ऐसा होता है। हम हर दिन सोते और जागते हैं, लेकिन जिन बातों की अनदेखी करते रहते हैं, उसकी वजह से हम अंदर ही अंदर बीमार होते जाते हैं। इसका पता तब चलता है, जब बीमारी गंभीर हो जाती है।
जमशेदपुर की आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ सीमा पांडेय कहती हैं कि यदि छोटी-छोटी आदतों को दिनचर्या में शामिल कर लें, तो हमेशा स्वस्थ रहेंगे। आपको न दवा खाने की आवश्यकता पड़ेगी, ना अस्पताल जाने की। आपको बीमारी ही नहीं होगी। यदि शुरू हो रही है, तो ठीक भी हो जाएगी। ये ऐसी आदतें हैं, जिसके लिए आपको बहुत मेहनत की आवश्यकता नहीं करनी है। बस जीने का तरीका बदलना होगा। आप भी जानिए।
- सुबह में नींद खुलते ही उकडू बैठकर बिना कुल्ला किए सवा लीटर हल्का गर्म पानी घूंट-घूंट करके पीएं।
- शौच क्रिया से निवृत्त हो आंखों पर ठंडे जल का छिड़काव अवश्य करें।
- सुबह में खाना को अच्छे से चबाकर खाएं। कम से कम 32 बार एक निवाला चबाएं और भरपेट भोजन करें।
- सुबह सूरज निकलने के ढाई घंटे के अंदर खाना खा लें।
- सुबह खाने में जूस भी ले सकते हैं, पर ताजा हो।
- दोपहर में भोजन 1 से 2 बजे तक कर लें, भोजन के बाद लस्सी व छाछ अवश्य लें।
- भोजन तैयार होने के 40 मिनट के अंदर भोजन कर लें।
- कम से कम 60 मिनट बाद ही पानी पीएं।
- दोपहर के खाने के बाद थोड़ी देर आराम अवश्य करें।
- रात का भोजन सूरज छिपने तक कर लें, वह भी न के बराबर। भोजन के बाद 1000 कदम अवश्य टहलें।
- खाना खाने के बाद वज्रासन मे 5 से 10 मिनट अवश्य बैठें।
- रात को कभी खट्टे फल, छाछ व लस्सी का सेवन ना करें। हां देसी गाय के दूध का सेवन कर सकते हैं।
- कभी भी कोल्ड ड्रिंक व आइसक्रीम का सेवन ना करें।
- रात को 9-10 के बीच अवश्य सो जाएं।
- अगर स्वस्थ रहना चाहते हैं तो चीनी, मैदा, रिफाइंड तेल व सफेद नमक को घर से दूर रखें।