सरायकेला-खरसावां में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-सास-ससुर और देवर गिरफ्तार
सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में दहेज प्रताड़ना के चलते एक नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।
HighLights
दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति मनीष शर्मा गिरफ्तार।
पुलिस ने चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा।
संवाद सहयोगी, आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की प्रताड़ना और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।
यह कार्रवाई मृतिका पिंकी कुमारी के पिता ललित महतो (निवासी: रोड नंबर 3, ब्लॉक नंबर 22/2/2, आदित्यपुर) द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर की गई है।
उनके आवेदन पर आदित्यपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, मृतिका पिंकी कुमारी और आरोपी मनीष शर्मा के बीच पूर्व से प्रेम प्रसंग था।
दोनों ने बीते 6 जून 2026 को रजरप्पा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। शादी के बाद पिंकी अपने पति के साथ आदित्यपुर स्थित 'जॉइनेस्ट अपार्टमेंट' में रह रही थी।
परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके परिणामस्वरूप उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया और नामजद प्राथमिक अभियुक्तों—पति मनीष शर्मा, पूनम शर्मा, श्याम शर्मा और सतीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन जांच जारी है।
