आदित्यपुर की खाउ गली में खाना मिलने में देरी और पैसे वापसी को लेकर विवाद में युवक की हत्या, एक की हालत गंभीर
आदित्यपुर की खाउ गली में देर रात खाने में देरी और पैसे लौटाने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ...और पढ़ें

आदित्यपुर में झड़प में चाकू और तावे से किए गए हमलों में युवक की मौत हो गई।
HighLights
खाउ गली में खाने की देरी पर विवाद बढ़ा।
अरुण पांडे गंभीर, तीन दुकानदार हिरासत में।
संस, आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के जियाडा सर्विस लेन स्थित खाउ गली में बुधवार की देर रात एक फास्ट फूड ठेले पर खाना मिलने में देरी और पैसे लौटाने को लेकर उपजा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
इस भीषण झड़प में चाकू, तावे और अन्य औजारों से किए गए हमलों में शेखर नामक एक युवक की मौत हो गई, जबकि अरुण पांडे की हालत गंभीर बनी हुई है।
ऑर्डर में देरी और पैसों की मांग से बढ़ा विवाद
इस घटना में कई अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसके बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी शेखर और आदित्यपुर शिव मंदिर निवासी अमन चौधरी उर्फ गामा बुधवार की रात करीब 12:30 बजे खाना खाने के लिए जियाडा के समीप खाउ गली पहुंचे थे।
दोनों स्थानीय शिव मंदिर दुर्गा पूजा में लाइटिंग का काम करने वाले गुड्डू लाइट वाले के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। उन्होंने एक फास्ट फूड ठेले पर चाउमिन और रोल का ऑर्डर दिया था।
वहां अत्यधिक भीड़ होने के कारण खाना मिलने में देरी हो गई, जिससे नाराज होकर दोनों ने दुकानदार से अपने पैसे वापस करने की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
बीच-बचाव करने आए लोग भी बने निशाना
विवाद बढ़ने पर आदित्यपुर शिव मंदिर निवासी सन्नी रजक भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों ने एकजुट होकर चाकू, तावा और अन्य बर्तनों से तीनों युवकों पर हमला बोल दिया।
इसी बीच, हरिओम नगर निवासी सागर झा और कल्पनापुरी निवासी अरुण पांडे उधर से गुजर रहे थे। भीड़ देखकर वे रुके और घायलों को पहचानकर अस्पताल ले जाने लगे।
आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी विरोधी पक्ष का समझकर निशाना बनाया। सागर झा पर पीछे से चाकू से वार किया गया, जबकि अरुण पांडे को गर्म तावे से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
आदित्यपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे
वारदात की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में शेखर ने दम तोड़ दिया।
घायलों में सागर झा, सन्नी रजक और अमन चौधरी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि अरुण पांडे को सीसीयू में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन दुकानदारों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खाउ गली में पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके मद्देनजर पुलिस अब अन्य संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है।
