Jagran Film Festival : मनोज और सीमा पहवा से मिलकर चहक उठे सिने प्रेमी
जमशेदपुर में चल रहे दसवें जागरण फिल्म फेस्टिवल में रविवार को फिल्म अभिनेता मनोज पहवा अपनी पत्नी सीमा पहवा के साथ दर्शकों से रूबरू हुए।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर में चल रहे दसवें जागरण फिल्म फेस्टिवल में रविवार को फिल्म अभिनेता मनोज पहवा अपनी पत्नी सीमा पहवा के साथ दर्शकों से रूबरू हुए। सीमा पहवा भी मशहूर अभिनेत्री हैं। इस जोड़ी को देखने के लिए बड़ी संख्या में सिनेमा प्रेमी सुबह से ही बिष्टुपुर के पीएंडएम मॉल पीजेपी सिनेपालिस पहुंच गए थे।
जैसे ही मनोज पहवा और सीमा पहवा यहां पहुंचे उनसे मिलने के लिए सिने प्रेमी लपक पड़े। करीब एक घंटे तक मनोज और सीमा ने सिने प्रेमियों से संवाद किया। उनके सवालों का जवाब दिया। हर कोई सवाल पूछने के लिए बेताब दिख रहा था। अभिनेता दंपती ने अपने करियर और फिल्मी सफर से जुड़े हर प्रश्न का जवाब देकर सबका दिल जीत लिया। दोनों की लाइफ स्टाइल से जुड़े सवाल भी पूछे गए।
40 फिल्मों में काम कर चुके मनोज
मालूम हो कि मनोज पहवा फिल्म और टीवी एक्टर हैं। टीवी शो आफिस-आफिस में भाटिया की भूमिका निभा कर दिल जीत चुके हैं। मनोज अबतक करीब 45 फिल्मों में काम कर चुके हैं। बींग सायरस, सिंह इज किंग और दबंग में इनका अभिनय हर किसी का दिल जीत चुका है। आने वाले एक सितंबर को मनोज पहवा का जन्मदिन है, क्योंकि उनका जन्म एक सितंबर वर्ष 1963 को हुआ था। वे पंजाबी परिवार से आते हैं। उनका जन्म स्थान दिल्ली है। उनके पिता देश विभाजन के दौरान पाकिस्तान छोड़कर पंजाब आ गए थे।
टीवी शो के सेट पर हुई थी मनोज और सीमा की मुलाकात
मनोज पहवा ने नेशनल पब्लिक स्कूल दरियागंज दिल्ली से पढ़ाई की है। उनकी शादी सीमा भार्गव से हुई। दोनों की भेंट टीवी शो हमलोग के सेट पर हुई थी। दोनों में प्यार हुआ और शादी भी कर ली। बेटी मनुकिर्ती और बीटा मयंक दो बेटियां हैं। मनोज पहवा ने करियर की शुरूआत टीवी की दुनिया में कॉमेडी शो जस्ट मोहब्बत से की। इसके बाद टीवी शो आफिस आफिस में नजर आने लगे। मनोज पहवा ने फिल्मी दुनिया में कदम फिल्म तेरे मेरे सपने से रखा था। वह अबतक 45 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं।