कोल्हान में दुर्घटनाएं, एक की मौत कई घायल Jamshedpur News
26 जनवरी की रात जुगसलाई थाना अंतर्गत रंग गेट एवं फाटक गोल चक्कर के बीच एक अज्ञात व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। किसी बड़े वाहन की चपेट में आने से मौत हुई।
जमशेदपुर (जेएनएन)। गणतंत्र दिवस के दिन कोल्हान प्रमंडल में अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में एक की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जुगसलाई गोलचक्कर के समीप दुर्घटना, एक की मौत
बीती 26 जनवरी की रात जुगसलाई थाना अंतर्गत रंग गेट एवं फाटक गोल चक्कर के बीच एक अज्ञात व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी बड़े वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। मृतक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पलिस पहुंची। शव का पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया है। आसपास के लोगों ने मृत युवक की पहचान नहीं की। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है। दुर्घटना किस वाहन से और कब हुई इसका भी पता नही चल पा रहा है।
मनोहरपुर में अलग अलग तीन हादसे में चार घायल
पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर अनुमंडल अंतर्गत मनोहरपुर में 26 जनवरी को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों के घायल हो जाने की सूचना है। एक दुर्घटना गोईलकेरा में हुई जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
चक्रधरपुर के गुलकेड़ा में सवारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त
चक्रधरपुर प्रखंड के गुलकेड़ा पंचायत के पोकवाबेड़ा गांव में सोमवार को मनु केराई के मकान में अनियंत्रित होकर सवारी गाड़ी संख्या ओआर 025 घुस गई। यह गाड़ी चक्रधरपुर से सामान लेकर पोकवाबेड़ा गांव जा रही थी। गाड़ी गांव के ही कानू मुंडा नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। इस हादसे में मनु के मकान की दीवार व घर का दरवाजा टूट गया।
खेल-खेल बहन ने भाई के दो अगुली काट दी
पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर अनुमंडल अंतर्गत गोइलकेरा प्रखंड में एक और घटना में खेल-खेल में बहन ने अपने भाई की अंगुली ही काट दी। सरबिल गांव में हुई इस घटना के बाद भाई को घायल अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। बहन की उम्र 5 वर्ष बताई जा रही है जबकि भाई 3 वर्ष का है।