Jamshedpur Jharkhand: एसीबी ने प्रशिक्षु दारोगा को परसूडीह सदर अस्पताल में सात हजार रूपये घूस लेते दबोचा
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना में पदस्थापित प्रशिक्षु दारोगा आलोक कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को रंगेहाथ घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घूस के सात हजार रुपये बरामद किए गए।
जमशेदपुर,जासं। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना में पदस्थापित प्रशिक्षु दारोगा आलोक कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को रंगेहाथ घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घूस के सात हजार रुपये बरामद किए गए। इसके बाद टीम उसे अपने साथ ले गई।
गिरफ्तार दारोगा 2018 बैच का है। उससे एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है। प्रशिक्षु दारोगा के घूस की रकम के साथ पकड़े जाने को लेकर तरह-तरह चर्चा जारी है। इस वर्ष घूस लेेने के आरोप में एसीबी ने दूसरे आरोपित को गिरफ्तार किया है। इससे पहले सरायकेला सिविल सर्जन कार्यालय के एक लिपिक को घूस लेते टीम ने दबोचा था। आलोक कुमार को एसीबी की टीम ने परसूडीह थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल से बुधवार दोपहर ढाई बजे गिरफ्तार किया।
पंचनामा बनाने के लिए मांगा था पैसा
आलोक कुमार को जादूगोड़ा थाना प्रभारी ने नरवा में सड़क दुर्घटना में मारे गए बाइक सवार युवक के पंचनामा बनाने और स्वजनों का बयान लेने को सदर अस्पताल भेजा था। वहीं भी दारोगा ने घूस की रकम लेकर जादूगोड़ा के एक व्यक्ति को बुलाया था। दारोगा ने केस हल्का कर देने का झांसा देकर जादूगोड़ा के एक व्यक्ति से सात हजार रुपये की मांग की थी जिसकी शिकायत व्यक्ति ने एसीबी शाखा, जमशेदपुर में की थी। उसकी शिकायत को सही पाया गया था। इसके बाद दारोगा को घूस की रकम देने को शिकायकर्ता ने संपर्क किया। दारोगा ने रकम लेकर सदर अस्पताल उसे बुलवाया। वहां शिकायत करने वाले व्यक्ति के साथ एसीबी की टीम थी। रंगेहाथ दारोगा को दबोच लिया। इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक और जादूगोड़ा थाना प्रभारी को भी दी गई।
कोल्हान में हर वर्ष होती दर्जनों गिरफ्तारी
कोल्हान में घूसखोरी में हर साल एक दर्जन से अधिक गिरफ्तारी होती है। घूसखोरों में थानेदार, इंजीनियर, क्लर्क, पंचायत सेवक शामिल हैं। इसके बाद भी घूसखोरी का सिलिसला जारी है। अभी चाइबासा जेल में कइ पुलिस अधिकारी बंद हैं।