Lok Sabha Election 2019 : आप ने किया चंपई का समर्थन
आम आदमी पार्टी (आप) ने जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के झामुमो उम्मीदवार चंपई सोरेन का समर्थन कर दिया है।
जमशेदपुर (जासं)। आम आदमी पार्टी (आप) ने जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के झामुमो उम्मीदवार चंपई सोरेन का समर्थन कर दिया है। आप के प्रदेश संयोजक जयशंकर चौधरी ने कहा कि फिलहाल देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के लिए खतरा बन चुकी भाजपा एवं मोदी-शाह की जोड़ी को हराकर लोकतंत्र की रक्षा करना हमारी पहली प्राथमिकता है।
इसलिए हमने झारखंड में लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार ना देकर वाम दल को समर्थन देने तथा भाजपा को हराने की क्षमता रखने वालों को समर्थन देना उचित समझा है। प्रदेश के संयुक्त सचिव रईस अफरीदी ने चंपई सोरेन को आश्वासन दिया कि पार्टी झामुमो को जिताने में पूर्ण सहयोग करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी झारखंड की सभी 81 सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
ज्ञात हो कि आप ने जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से आरटीआइ कार्यकर्ता दिनेश महतो को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन स्टिंग आपरेशन में पकड़े जाने के बाद उनकी उम्मीदवारी रद कर दी गई। अब दिनेश महतो निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। आप ने दिनेश के बदले दूसरा उम्मीदवार नहीं दिया। अब तक यह कयास लगाया जा रहा था कि आप किसी का समर्थन करेगी या तटस्थ रहेगी।