Coronavirus Jamshedpur News Update : जमशेदपुर में फिर मिले 98 कोरोना पॉजिटिव, 35 स्वस्थ होकर लौटे घर, जानिए ताजा हाल
Coronavirus Jamshedpur News Update. पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमितों के मिलने का क्रम जारी है। दिनों दिन इसकी संख्या बढ़ रही है।
जमशेदपुर,जेएनएन।Coronavirus Jamshedpur News Update पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमितों के मिलने का क्रम जारी है। दिनों दिन इसकी संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को कोरोना के संक्रमण से मुक्त होने पर 35 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई वही 98 नए कोरोना संक्रमित की पहचान भी हुई। कोरोना संक्रमण की पहचान होने पर संक्रमितों को कोविड वार्ड में भर्ती किया गया है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि कोरोना वायरस के संभाव्य प्रसार को रोकने में जिला प्रशासन का सहयोग करें- अनावश्यक अपने घरों से बाहर ना निकलें, मास्क का प्रयोग करें, नियमित हाथों को साबुन से धोएं या सैनिटाइजर का प्रयोग करें, यत्र-तत्र न थूकें तथा सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन करें।
गोलमुरी पुलिस लाइन के 44 जवान पॉजिटिव
मंगलवार को जो 98 कोरोना पॉजिटिव मिले उनमें गोलमुरी पुलिस लाइन के 44 जवान शामिल हैं। संक्रमितों में अधिकांश छुट्टी से लौटे हैं। इसके बाद इन्हें बिष्टुपुर स्थित उत्कल एसोसिएशन के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। इससे पूर्व सोमवार को भी 24 व रविवार को 17 पुलिस के जवान संक्रमित पाए गए थे। वहीं, महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक और कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावे डुमरिया के नौ लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसमें सभी ट्रैवल हिस्ट्री है। ये लोग 29 जुलाई को बैंगलुरु से लौटे हैं। चाकुलिया के चार लोग भी पॉजिटिव पाए गए हैं। चारों का ट्रैवल हिस्ट्री है। इसमें दो का हावड़ा, एक कोलकाता व एक बैंगलुरु से लौटा है। मानगो आजादनगर में एक ही परिवार के चार सदस्य संक्रमित हुए हैं।
एक घर से मिले चार संक्रमित
साकची आमबगान के समीप एक घर से चार लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावे कालिकानगर डिमना का एक दंपति, बारीडीह बागुन नगर, सिदगोड़ा, सीएस एरिया ईस्ट, दाईगुटू, एग्रिको, ओल्ड काशीडीह, नर्स हास्टल जमशेदपुर, सुंदरनगर, साकची गुरुनानक बस्ती, कदमा प्रोफेशनल फ्लैट, बर्मामाइंस, सरजामदा, बीरीडीह, टिनप्लेट, रहरागोड़ा, मानगो डिमना रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2335 हो गई है।
377 संदिग्ध मरीजों का लिया गया नमूना
पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को 377 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। जिले से अब तक कुल 39658 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 34649 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी की जांच प्रक्रिया में है।
35 मरीज स्वस्थ होकर लौटे
टाटा मुख्य अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती 35 संक्रमित व्यक्ति के संक्रमण मुक्त होने पर मंगलवार को छुट्टी दी गई। जिले में अब तक कुल 814 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।