देवघर से आए 47 पुलिस जवानों की होगी कोरोना जांच
मुसाबनी प्रखंड में देवघर से आए कुल 47 पुलिस जवानों को उत्क्रमित हिंदी विद्यालय चापड़ी में जांच कराने के लिए ठहराया गया है। जवानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए बीडीओ सीमा कुमारी ने गुरुवार को स्कूल परिसर का निरीक्षण किया..
मुसाबनी(संसू)। मुसाबनी प्रखंड में देवघर से आए कुल 47 पुलिस जवानों को उत्क्रमित हिंदी विद्यालय चापड़ी में जांच कराने के लिए ठहराया गया है। जवानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बीडीओ सीमा कुमारी ने गुरुवार को स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने सभी जवानों से जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारी को आवश्कतानुसार दिशा-निर्देश दी। कहा, सभी लोगों का भोजन व पानी की व्यवस्था करें। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। सभी लोगों को शारीरिक दूरी व हमेशा मास्क का उपयोग करने का निर्देश दिया गया। समय-समय में हाथ को साबुन व सैनिटाइजर से साफ करने का निर्देश दिया गया। ज्ञात हो कि देवघर से सभी पुलिस जवान ट्रेंनिग करके लौटे हैं। सभी का स्वाब जांच होगा। बीडीओ ने बताया कि शुक्रवार को सभी जवानों का स्वाब सैंपल लिया जाएगा।
लेबर रूम की दाई निकली पॉजिटिव, प्रसव बंद : स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रसव गृह में कार्यरत दोनों दाई गुरुवार को कोरोना संक्रमित मिली। उसके बाद प्रसव कार्य बंद करा दिया गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने बताया कि लेबर रूम की एक दाई पहले से ही पॉजिटिव थी। दूसरी दाई की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई। इसके कारण लेबर रूम का काम मुश्किल हो गया है। डॉ मुर्मू ने कहा कि उन्होंने अपने स्तर से दूसरी दाई की व्यवस्था करने का प्रबंध किया है, लेकिन पैसा देने के बावजूद कोई भी काम करने के लिए तैयार नहीं है। ऐसी स्थिति में फिलहाल प्रसव से संबंधित मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया गया है। ज्ञात हो कि सीएचसी के एक लैब टेक्नीशियन समेत तीन कर्मचारी पहले ही कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद 14 से 17 अगस्त तक चार दिनों के लिए अस्पताल को सील कर दिया गया था। इसके बाद पूरे परिसर को सैनिटाइज कर फिर से मरीजों के लिए अस्पताल खोला गया। लेकिन गुरुवार को एक और दाई के पॉजिटिव मिलने के बाद एक बार फिर समस्या उत्पन्न हो गई है।
आइसीसी के अधिकारी कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल 48 के लिए सील : गुरुवार को आइसीसी के एक अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारी कुछ दिनों से छुट्टी पर थे। तवीयत खराब होने के बाद वे गुरुवार को आइसीसी अस्पताल में इलाज कराने आए थे। चिकित्सक ने उन्हें कोरोना जांच कराने की सलाह दी। उसके बाद अनुमंडल अस्पताल की स्वास्थ्य टीम ने रैपिड किट से कोरोना जांच की तो रिपोर्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद अस्पताल को 48 घंटे के लिए सील कर दिया ग्या। शुक्रवार को कई अन्य अधिकारी व अस्पताल कर्मियों का कोरोना जांच होगा। फिलहाल अधिकारी को आइसीसी अस्पताल में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में रखा गया है।
कोरोना की चपेट में यूसिल के सहायक महाप्रबंक : यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के सहायक प्रबंधक(सेंट्रल पर्सनल) कोरोना की चपेट में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी जमशेदपुर में इलाजरत हैं। वे पिछले दिनों सीनियर एसपी कार्यालय जमशेदपुर गए थे। वहां उनकी तबीयत खराब हो गई थी। वहां साथ गए दो यूसील कर्मियों ने उन्हें यूसील अस्पताल जादूगोड़ा में भर्ती कराया, जहां स्लाइन चढ़ाने के बाद डॉक्टर ने उन्हें घर जाने की सलाह दी थी। अगले दिन उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया और रिपोर्ट पाजिटिव आई। बुधवार को साथ गये दोनों अधिकारियों का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया है।
धालभूमगढ़ का एक बैंक कर्मी पॉजिटिव : धालभूमगढ़ के तीनों बैंक शाखाओं में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। जानकारी के अनुसार बैंक ऑफ इंडिया की धालभूमगढ़ व सारंगासोल शाखा के 16 कर्मियों व स्टेट बैंक की एक शाखा के सात कर्मियों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया, जिसमें एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। इधर, नरसिंहगढ़ के एक युवक व धालभूमगढ़ के दवा दुकानदार और उनकी पुत्री का कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आया है।