Move to Jagran APP

Shocking News : विंध्याचल घूमने गए थे एक ही परिवार के 11 लोग, बिहार-झारखंड के छह लोग गंगा नदी में डूबे

झारखंड व बिहार के लिए बुरी खबर। एक ही परिवार के 11 लोग विंध्यांचल घूमने गए थे। मिरजापुर के पास गंगा नदीं पार करने के दौरान छह लोग डूब गए। अभी तक किसी का पता नहीं चल पाया है।

By Jitendra SinghEdited By: Published: Thu, 09 Sep 2021 06:00 AM (IST)Updated: Thu, 09 Sep 2021 06:17 PM (IST)
Shocking News : विंध्याचल घूमने गए थे एक ही परिवार के 11 लोग, बिहार-झारखंड के छह लोग गंगा नदी में डूबे
विंध्याचल घूमने गए थे एक ही परिवार के 11 लोग

जमशेदपुर : विंध्याचल धाम स्थित अखाड़ा घाट पर गंगा स्नान कर दूसरे तट से लौटते समय तेज हवा और लहरों के कारण नाव के गंगा में पलट जाने से एक ही परिवार के रिश्तेदार समेत 12 लोग डूब गए जिसमें नाविक व नाव पर सवार एक फोटोग्राफर समेत आठ लोग सुरक्षित बच गए। लापता लोगों की खोज में गोताखोर व पीएसी की टीम लगाई गई है। वाराणसी से एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई। घटना की सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। नाव पर आदित्यपुर, रांची, और बिहार के बक्सर जिले से आए परिवार और उनके रिश्तेदार सवार थे।

loksabha election banner

डूबने वालों में रांची जिले के धुर्वा बस स्टैंड स्थित न्यू स्टार क्लब कृष्णा समित के पास क्वार्टर नंबर 1579 निवासी राजेश तिवारी की पत्नी खुशबू( 30), विकास ओझा की पत्नी गुड़िया (28), दीपक मिश्रा की पत्नी अनीसा मिश्रा (26), विकास ओझा का पुत्र सत्यम (7), ढाई माह का पुत्र शौर्य व दीपक मिश्रा की तीन माह की पुत्री डूब शामिल है। दीपक मिश्रा सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर आरआइटी थाना क्षेत्र के निवासी है। वहीं राजेश तिवारी की पुत्री अलका (9) पुत्री राजेश, राजेश (40), अमरनाथ ओझा के पुत्र विकास ओझा, दीपक मिश्रा , वाहन चालक सुदीप कुमार पुत्र रमाशंकर यादव समेत नाविक गौतम व फोटोग्राफर प्रदीप सुरक्षित बच गए। राजेश तिवारी की बहन गुड़िया बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली है।

अपनी बच्ची के साथ अनीसा मिश्रा

जानकारी अनुसार रांची जिले के धुर्वा थाना क्षेत्र निवासी भुवनेश्वर तिवारी के बेटे राजेश तिवारी (35) अपने परिवार और अपने साले आदित्यपुर निवासी दीपक मिश्रा के परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के लिए विंध्याचल आए थे। इनमें राजेश तिवारी, उनकी पत्नी खुशबू, व तीन बेटियां और दीपक मिश्रा, उनकी पत्नी अनीसा व दो बच्चे थे। दोपहर को सभी 12 लोग नाव पर सवार होकर गंगा स्नान करने के लिए दूसरे तट पर गए थे। वहां गंगा स्नान करने के बाद सभी लोग नाव से वापस लौटने लगे। इसी बीच बारिश के साथ ही तेज हवा चलने लगी। ऐसे में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव डूबती देख सभी लोग चीख-पुकार करने लगे। नाव में भी शोर मच गया। चीख पुकार सुन कर आसपास के नाविक व गोताखोर पहुंच गए। नाव पर राजेश तिवारी के परिवार व रिश्तेदार समेत 12 लोगों के साथ ही नाविक व फोटोग्राफर समेत 14 लोग सवार थे। इनमें राजेश (35), राजेश के बहनोई विकास (28), राजेश के साले दीपक (27), वाहन चालक (अज्ञात), राजेश की बेटी अलका राज (09) व रितिका राज (07) को बचा लिया गया है। नाव में सवार सासाराम की रहने वाली राजेश तिवारी की बहन गुड़िया (28), राजेश तिवारी की पत्नी खुशबू (30), राजेश तिवारी के साले दीपक की पत्नी आदित्यपुर की रहने वाली अनीसा मिश्रा (26), सत्यम (05) सहित एक बच्चा (ढाई माह) व एक बच्ची (03 माह) डूब गए हैं। इस दौरान विंध्याचल के डीएसपी पुलिस बल सहित मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय नाविक एवं गोताखोरों की मदद से डूबे हुए छह लोगों की तलाश गंगा में की जा रही है।

 

 राजेश ने फोन कर पिता को दी जानकारी

राजेश तिवारी ने फोन कर धुर्वा में अपने पिता भुवनेश्वर तिवारी को इस हादसे के बारे में जानकारी दी। छह लोगों के डूब जाने की खबर मिलने पर यहां कोहराम मच गया। घर में रोना पीटना मचा है। राजेश के पिता भुवनेश्वर तिवारी सोफा पर रोते रोते बेहोश हो गए। राजेश की बूढ़ी मां भी जारो कतार रो रही है। भुवनेश्वर के घर के सामने लोगों का जमावड़ा लगा है। लोग इस हादसे पर अफसोस जता रहे हैं। वार्ड पार्षद वेदप्रकाश सिंह के अलावा कृष्ण मोहन सिंह भी भुवनेश्वर के घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी।

शेयर का काम करते हैं राजेश तिवारी

रांची के धुर्वा बस स्टैंड के करीब स्थित न्यू स्टार क्लब कृष्णा समित के पास क्वार्टर नंबर 1579 के रहने वाले राजेश तिवारी शेयर का काम करते हैं। हिनू में उनका दफ्तर है। हिनू स्थित राजेश के दफ्तर में हादसे की सूचना दाेपहर तकरीबन दो बजे ही आ गई थी। राजेश ने फोन कर अपने आफिस में काम करने वालों से सारी घटना के बारे में बता दिया था। मगर, दफ्तर के लोगों ने राजेश के परिवार के लोगों को ये जानकारी नहीं दी थी। मगर, देर शाम राजेश ने अपने पिता को भी फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लागों को हादसे का पता चला।

राजेश ने ही बनाया था विंध्याचल जाने का प्लान

विंध्याचल जाने का प्लान धुर्वा के राजेश तिवारी ने ही बनाया था। बाद में उन्होंने अपने साले जमशेदपुर के नजदीक सरायकेला जिले के आदित्यपुर आरआइटी निवासी दीपक मिश्रा को प्लान के बारे में बताया। दीपक मिश्रा आदित्यपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। वह भी विंध्याचल जाने के लिए तैयार हो गए। सोमवार को दीपक मिश्रा अपनी कार से अपनी पत्नी अनीसा मिश्रा के साथ धुर्वा पहुंचे। अनीसा मिश्रा ढाई की माह की पुत्री को भी लिए थीं। यहां से सोमवार की रात राजेश तिवारी अपनी स्पोर्ट कार और दीपक अपनी कार से विंध्याचल के लिए रवाना हो गए थे। रास्ते में राजेश तिवारी अपने बक्सर स्थित सेमरी थाना के सीहनपुर निवासी अपने रिश्तेदार विकास ओझा के यहां जाने के लिए रवाना हो गए। वहां से बहन गुड़िया और बहनोई विकास ओझा को साथ लेकर सभी एक साथ कार से विंध्याचल में माता के दर्शन किए। राजेश की मां ने उन्हें जल्द लौटने की दुआ दी थी। उन्हें क्या पता था कि उनके बेटे के परिवार पर क्या विपत्ति टूटने वाली है।

जीजा-साले का तीन परिवार आया था विंध्याचल

रांची के धुर्वा गांव निवासी राजेश तिवारी, विकास ओझा निवासी सीहनपुर थाना सेमरी जिला बक्सर के जीजा हैं। वहीं दीपक मिश्रा निवासी आदित्यपुर थाना जमशेदपुर झारखंड, राजेश तिवारी निवासी धुर्वा रांची के जीजा हैं। सभी लोग मां विंध्यवासिनी के दर्शन को आए थे। नाव डूबने से राजेश, विकास व दीपक तीनों की पत्नी डूब गईं। वहीं विकास के दो पुत्र व दीपक की अबोध पुत्री भी डूब गई।

सासाराम के रहने वाले हैं राजेश तिवारी

राजेश तिवारी मूल रूप से सासाराम के रहने वाले हैं। उनके पिता भुवनेश्वर तिवारी कई साल पहले रांची आए थे। वो यहां रांची में ठेकेदारी करते हैं। उनका हंसता खेलता परिवार था। किसी चीज की कमी नहीं थी। कल तक हर तरफ हंसी खुशी थी। मगर, अब परिवार पर एक बड़ी मुसीबत आ गई है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान, तेजी से बचाव व राहत कार्य करने का निर्देश

मीरजापुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए जनपद के आलाधिकारियों को तत्काल बचाव व राहत कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन टीम की भी मदद लेकर तेजी से बचाव व राहत कार्य करने के आदेश दिया। साथ ही दुर्घटना के प्रभावितों की हर संभव मदद व उनकी समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.