जंतर-मंतर पर धरना देने दिल्ली रवाना हुए भारतीय जन महासभा पोद्दार Jamshedpur News
Bharatiya Jan Mahasabha.सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री हटाने की मांग को लेकर भारतीय जन महासभा नई दिल्ली के जंतर मंतर पर एक मार्च को धरना देगी। इसके पहले 28 फरवरी को महासभा के दिल्ली में राष्ट्रीय बैठक होगी।
जमशेदपुर, जासं। सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री हटाने की मांग को लेकर भारतीय जन महासभा नई दिल्ली के जंतर मंतर पर एक मार्च को धरना देगी। इसके पहले 28 फरवरी को महासभा के दिल्ली में राष्ट्रीय बैठक होगी। इसमें भाग लेने के लिए जमशेदपुर से राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मचंद पोद्दार व श्याम सुंदर मिश्रा शनिवार को दिल्ली रवाना हो गए।
पुरूषोत्तम एक्सप्रेस से रवाना होने से पूर्व पोद्दार ने बताया कि श्री विश्वकर्मा मंदिर भवन, पहाड़गंज, नई दिल्ली में भारतीय जन महासभा की पहली आमसभा 28 फरवरी रविवार को शाम पांच बजे है। इसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। एक मार्च 2021 को नई दिल्ली के जंतर मंतर पर भारतीय जन महासभा द्वारा संपूर्ण भारतवर्ष में सभी सोशल साइटस गूगल, फेसबुक, यूट्यूब आदि से अश्लील वीडियो, कहानी व चित्रों को हटाने की मांग को लेकर धरना का आयोजन किया गया है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भारतवर्ष के अनेक स्थानों के लोग भाग ले रहे हैं।
रामायण के पात्रों की सामग्री हटाने में मिली सफलता
भारतीय जन महासभा ने इससे पहले यूट्यूब व फेसबुक पर एक अश्लील सामग्री को हटाने में सफलता हासिल की थी। करीब एक माह पूर्व यूट्यूब पर रामायण के पात्रों को दिखाते हुए एक वीडियो डाला गया था, जिसमें रामायण के पात्र अश्लील भाषा बोल रहे थे। महासभा ने इसके खिलाफ जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्रधानमंत्री कार्यालय को भी पत्र लिखा था। इसका परिणाम यह हुआ कि दो दिन के अंदर यूट्यूब से अश्लील सामग्री हटा दी गई।