रंगदारी और फायरिंग के आरोपित पुलिसकर्मी के पुत्र ने किया आत्मसमर्पण, जाने क्या है मामला Jamshedpur News
Sitaramdera Firing case. जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना में गुरुनानक निवासी राकेश मंडल से रंगदारी मांगने और फायरिंग के आरोपित राहुल सिंह ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस को उसके साथी सलमान की तलाश है। राहलु पुलिस अधिकारी का पुत्र है।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना में गुरुनानक निवासी राकेश मंडल से रंगदारी मांगने और फायरिंग के आरोपित राहुल सिंह ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस को उसके साथी सलमान की तलाश है। राहुल सिंह के पिता कालिका सिंह पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी हैं। इधर, सीतारामडेरा थाना पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर देने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की है। उससे पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।
राहुल और सलमान के खिलाफ भारतीय जन मोर्चा साकची मंडल के सह सयोजक राकेश कुमार मंडल ने रंगदारी मांगने और रंगदारी देने से इंकार किए जाने पर जान मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को दी गई शिकायत में राकेश मंडल ने बताया था कि बीते 10 दिन से एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान के पास ठेला लगा रहे हैं। 20 सितंबर को दोपहर राहुल सिंह और सलमान उसके पास आए। 200 रुपये प्रतिदिन ठेला लगाने के एवज में रंगदारी मांगी। देने में असमर्थता जाहिर की।
दो बार की गई फायरिंग
रात 9.30 बजे राहुल सिंह और सलमान दोबारा आए। एक प्लेट चाउमीन देने को कहा। उसने दे दिया। पैसा मांगने पर मारने लगे। विरोध करने पर पिस्तौल निकाल लिया। यह देख मेरे मित्र विक्की यादव और गोल्डन पांडेय ने बीच-बचाव किया। इसके बाद वह जान बचाकर भागने लगा। मनोज सिंह उज्जैन के कार्यालय में घुसे। राहुल सिंह ने फायरिंग कर दी। कार्यालय से जब लोग निकले तो दोबारा फायरिंग की गई।