कोल्हान डीआइजी के नाम पर दूसरी बार बनाया फेक फेसबुक आइडी Jamshedpur News
कोल्हान प्रमंडल के डीआइजी राजीव रंजन सिंह के नाम पर फर्जी फेसबुक आइडी बनाने का मामला दूसरी बार सामने आया है
जमशेदपुर, जासं। कोल्हान प्रमंडल के डीआइजी राजीव रंजन सिंह के नाम पर फर्जी फेसबुक आइडी बनाने का मामला दूसरी बार सामने आया है। डीआइजी की असली प्रोफाइल से तस्वीरें चुरा कर फर्जी प्रोफाइल बना दी गई है। इससे पहले भी डीआइजी का फर्जी फेसबुक आइडी बनाया गया था।
जानकारी पर चाईबासा साइबर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। डीआइजी के फर्जी प्रोफाइल से चाईबासा उपायुक्त समेत कई अधिकारियों को जोड़ लिया गया था। इसके बाद मैसेंजर के माध्यम से 20 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। मामला सामने आने पर खुद डीआइजी ने फेसबुक पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी थी। मंगलवार को दूसरा मामले पर सामने पर डीआइजी से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नही हो पाया। पहले भी राज्य के कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की साइबर अपराधियों द्वारा फेसबुक प्रोफाइल बनाकर मैसेंजर के माध्यम से रुपए की मांग किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं।