Coronavirus India Lockdown Update : महाराष्ट्र से आया युवक छुप कर गुजारता रहा दिन, तबीयत खराब हुई तो मानगो में मचा हड़कंप Jamshedpur News
Coronavirus India Lockdown Update.महाराष्ट्र से आया युवक छुप कर दिन गुजारता रहा। तबीयत खराब हुई तो मानगो में हड़कंप मच गया। बुखार की वजह से उसने शॉल ओढ़ रखा था।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus India Lockdown Update कोरोना वायरस से देशभर में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को झारखंड के जमशेदपुर के मानगो के डिमना रोड स्थित शर्मा लाइन में भी इसका खौफ देखा गया। दरअसल, एक बाहरी युवक शर्मा लाइन में शॉल ओढ़कर सोया हुआ था।
उसपर जब स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो इसकी सूचना हेल्फलाइन नंबर पर दी गई। साथ ही मानगो और उलीडीह थाने को भी सूचित किया गया। लेकिन, करीब दो घंटे तक न तो वहां कोई मेडिकल टीम पहुंची और न ही पुलिस प्रशासन। करीब साढे बारह बजे मानगो थाना की पुलिस पहुंची। लेकिन, वह भी चुपचाप देखती रही। वह मेडिकल टीम का इंतजार कर रही थी। 12.51 बजे एंबुलेंस पहुंची। इसके बाद उसे महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल जांच कराने के लिए ले जाया गया।
संदिग्ध युवक दस दिन से जमशेदपुर में ही घूम रहा था
पुलिस को पहुंचने से पूर्व शर्मा लाइन के लोगों ने दूर से ही उसका नाम व पता जानने की कोशिश की। इस दौरान युवक ने बताया कि वह दस दिन पूर्व महाराष्ट्र से जमशेदपुर पहुंचा है। तब से वह जमशेदपुर के ही अलग-अलग बस्तियों में दिन गुजार रहा है। हालांकि, युवक अपना घर का पता नहीं बता पा रहा है। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं लग रही है। वह कुछ भी सही ढंग से बताने की स्थिति में नहीं है। बुखार की वजह से तेज धूप में भी शॉल ओढ़े जाने की बात कहीं जा रही है। हालांकि, पुलिस व मेडिकल टीम अपने स्तर से उसकी जांच कर रही है। उसके बाद ही स्पष्ट होगा।
आज 32 संदिग्ध मरीजों की आएगी रिपोर्ट
पूर्वी सिंहभूम जिले के 32 कोरोना संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट बुधवार की शाम को आएगी। इसमें कदमा के 20, जुगसलाई के आठ व चार नमूना महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से लिया गया है। सभी नमूने की जांच एमजीएम मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में चल रही है। राहत की बात यह है कि जिले में अभी तक एक भी कोरोना मरीजों की पुष्टि नहीं हुई है। अबतक 209 संदिग्ध मरीज मिले हैं।