गालूडीह भाजपा मंडल ने बांटा मोदी आहार
लॉक डाउन में रोज-कमाने खाने वालों के बीच गालूडीह भाजपा मंडल की ओर से मोदी आहार का वितरण किया।
संवाद सूत्र, गालूडीह : लॉक डाउन में रोज-कमाने खाने वालों के बीच गालूडीह भाजपा मंडल की ओर से मोदी आहार का वितरण किया। इसके तहत मंडल कमेटी ने दिगड़ी, गालूडीह, हाटचाली, भालुकखुलीया जाकर 50 परिवारों को चावल, दाल व आलू प्रदान किया। मोदी आहार पाकर गरीब परिवारों में खुशी देखी गई। जिला महामंत्री हराधन सिंह ने बताया कि इस विकट परिस्थिति में कोई परिवार भूखा न रहे, घर से बाहर न निकले इसलिए उनके बीच जाकर अनाज प्रदान किया जा रहा है। प्रत्येक दिन क्षेत्र के चार गांव के जरूरतमंदों के बीच मोदी आहार का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा महिला जिला अध्यक्ष श्रुति देवगम, अमरदीप शर्मा, समीर सी, अजय अग्रवाल, पवन अग्रवाल, विमल अग्रवाल, दीपेश शर्मा, संदीप पाल, राजेश साह, चंदन गिरी आदि शामिल थे।
घर-घर जाकर बच्चों को खिचड़ी खिला रही आंगनबाड़ी कर्मी
लॉकडाउन में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का आना बंद है। ऐसे में बाल विकास परियोजना विभाग के निर्देशानुसार घाटशिला प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत सेविका व सहायिका नामांकित बच्चों के घर-घर जाकर खिचड़ी का वितरण करने के साथ कोरोना के संबंध में जागरूक कर रही है। दगड़ी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका तृप्ती दत्ता एवं सहायिका जयंती कालिदी ने बताया कि केंद्र में आने वाले बच्चों के घर जाकर अभिभावकों के उपस्थिति में खिचड़ी का वितरण किया जा रहा है। साथ ही बच्चों को कोरोना से सतर्क रहने व हाथ को साबुन से साफ करने की सलाह दी जा रही है।
चाकुलिया में अनाज के साथ जरूरी सामान पहुंचा रहे कार्यकर्ता
कोरोना वायरस के मद्देनजर किए गए लॉक डाउन से जूझ रहे बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के गरीबों के लिए विधायक समीर महांती के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर अनाज एवं अन्य जरूरी सामान पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवार रात से इस काम में युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं। क्षेत्र की 50 पंचायतों के कुल 1500 लोगों तक जरूरी सामान से भरे यह पैकेट पहुंचाए जाएंगे। प्रत्येक पैकेट में 5 किलो चावल, 2 किलो आलू, 1 किलो प्याज, आधा किलो दाल, ढाई सौ ग्राम सरसों तेल, एक पैकेट मुढ़ी, दो साबुन एवं एक मास्क रहेगा। सामाजिक कार्यकर्ता बुलबुल मंडल के घर पर मंगलवार को भी दिन भर पैकेट बनाने का काम चलता रहा। इसमें राकेश महंती, संदीप चक्रवर्ती, रोहित लोधा, हार्दिक यादव, राज मिश्रा, तापस दास, जलधर दास, महेश्वर मल्लिक, बासु लोधा, झंडू भोल, आशीष ज्योति विशाल बारिक आदि जुटे हुए थे।
कोट
विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में 30- 30 गरीब एवं असहाय परिवारों को चिन्हित कर यह पैकेट मुहैया किया जा रहा है। जरूरतमंदों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
समीर महांती, विधायक