Lockdown Impact ब्यूटी पार्लर व सैलून हुए बंद तो बिगड़ा युवाओं का लुक Jamshedpur News
शहर के सैलूनों में भी ताला लटक रहा है। जो युवा प्रत्येक 10 से 15 दिनों में अपने बालों को नया लुक दिया करते थे। अब अपने बिगड़े हुए बालों को ही संभालने में समय गुजार रहे हैं।
जमशेदपुर (गुरदीप राज)। लॉक डाउन क्या हुआ शहर की रफ्तार ही थम गई है। महिलाएं चाहे दिन भर घर में काम-काज में व्यवस्त रहती हो लेकिन ब्यूटी पार्लर जाने का समय निकाल ही लेती है। खूबसूरत दिखना और अच्छा कहलाना किसे पसंद नहीं।
वैसे तो आजकल युवाओं में खुद को स्मार्ट दिखाने का खासा शौक है लेकिन महिलाएं खूबसूरत दिखने की जैसे दीवानी सी होती है। खूबसूरत दिखने के लिए वे तरह-तरह के जतन करती हैं। मुल्तानी मिट्टी से लेकर स्पा तक का सफर महिलाओं ने खूबसूरत दिखने को ले तय किया है। ब्यूटी पार्लर संस्कृति के विकसित होने के बाद तो खूबसूरत दिखने के लिए महिलाओं की जमघट ब्यूटी पार्लरों में दिख जाया करती है। लेकिन इस लॉकडाउन से सब बेड़ा गर्क कर दिया है। महिलाएं चाहते हुए भी पार्लर नहीं जा पा रही है। महिलाओं की आइब्रो बढ़ने से उनका लुक पहले जैसा नहीं दिख रहा है। वैक्सिंग नहीं करा पा रही हैं और तो और फेसियल तक के लाले पड़े हुए हैं।
अपने घर में महिलाएं बार बार आइना देख रही है और ढल रही खूबसूरती के कारण गुस्से में अपने परिवार के सदस्यों को ही खरी-खोटी सूना रही है। पार्लर नहीं जाने की ङ्क्षचता में कभी दाल में नमक ज्यादा हो रहा है तो कभी चाय में चीनी कम। इतना ही नहीं बिगड़े हुए लुक के कारण महिलाएं अपने दोस्तों व रिश्तेदारों के यहां वीडियो कॉल तक नहीं कर पा रहे है।
युवा नहीं दे पा रहे अपने बालों को स्टाइल
शहर के सैलूनों में भी ताला लटक रहा है। जो युवा प्रत्येक 10 से 15 दिनों में अपने बालों को नया लूक दिया करते थे। वैसे युवा अब अपने बिगड़े हुए बालों को ही संभालने में पूरा दिन गुजार रहे है। खुले हुए सैलून की तलाश करते-करते तो कई युवाओं को पुलिस के डंडे तक खाने पड़े। बालों में कलर तक नहीं करा पा रहे है। सैलून बंद होने से बालों की सफेदी के साथ साथ बढ़ी हुई दाढ़ी में भी सफेद बाल नजर आने लगे है। अगर जल्द ही लॉक डाउन नहीं खुला तो सैलून जाकर बाल दाढ़ी बनवाने वाले लोगों पर तो आफत ही आ जाएगी।
लॉकडाउन ने मेरी ब्यूूटी ही जैसे मुझसे छीन ली हो। न ही आइब्रो को शेप दे पा रही हूं और न ही अपने बालों को लुक। एक वक्त का खाना नहीं मिले तो चलेगा पर पार्लर बंद होना मुझे बर्दाश्त नहीं। न जाने कब पार्लर जाना नसीब होगा और मुझे मेरी पहले जैसी खूबसूरती मिल सकेगी। मैं तो अपने दोस्तों को वीडियो कॉल तक नहीं कर पा रहीं हूं।
सोलिना
बालों में लुक व व कलर करना मुझे अच्छा लगता है लेकिन सैलून बंद होने के कारण मेरे बाल का लूक ही बिगड़ गया है। मैं प्रत्येक आठ से दस दिनों में अपने बालों को सैलून जाकर ठीक करवाता था। दाढ़ी भी मैं सैलून में ही बनवाता था। अब तो दाढ़ी भी बढ़ी हुई है। ऐसे में लॉकडाउन बड़ी समस्या बनती जा रही है।
देवज्योति रक्षित