Coronavirus 26 विदेशी व 106 दूसरे शहरों से आए लोगों पर रखी जा रही नजर Jamshedpur News
क्वारंटाइन में रखे गए लोगों में 26 ऐसे लोग हैं जो विदेश यानी लंदन पेरिस फ्रांस चीन सउदी अरब के देशों से आए हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के आदेश पर विदेश व देश के विभिन्न शहरों से आए लोगों को खोज के लिए तीनों नगर निकाय को सूची देकर पहचान करने व उन्हें क्वारंटाइन में रखने के साथ ही निगरानी करने का निर्देश दिया।
उपायुुक्त के निर्देश के बाद तीनों नगर निकाय, मानगो नगर निगम, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति तथा जुगसलाई नगर परिषद की टीम लगातार बाहर से आए लोगों की खोज कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अब तक कुल 132 से अधिक विदेश से और देश के विभिन्न राज्यों से आए हैं, जिन्हें क्वारंटाइन में रखा गया है।
लंदन, पेरिस, फ्रांस, चीन, सउदी अरब से आए लोग क्वारंटाइन में
क्वारंटाइन में रखे गए लोगों में 26 ऐसे लोग हैं जो विदेश यानी लंदन, पेरिस, फ्रांस, चीन, सउदी अरब के देशों से आए हैं। अब तक मानगो नगर निगम क्षेत्र में जहां 35 लोगों का पता चला जिसमें 14 विदेश से आए हैं। इसी तरह जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में अब तक 82 लोग बाहर से आए, जिसमें से 12 विदेश में रहते थे। वहीं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में अब तक 15 लोग देश के विभिन्न शहरों से आए हैं।
जानकारी हो कि उपायुक्त के आदेश के बाद गुरुवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र में दूसरे देशों एवं राज्यों से आये हुए लोगों का जिला प्रशासन पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर से प्राप्त व्यक्ति की सूच के अनुसार विजिट किया। सभी लोगों को जिला प्रशासन द्वारा निर्गत पत्र रिसीव कराया गया एवं सभी को 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही कोरोना वायरस से बचाव संबंधी पंफलेट भी बांटा गया एवं आसपास के लोगों को जागरूक भी किया गया। सर्विलांस टीम में मानगो के सिटी मैनेजर निर्मल कुमार, अनय राज ,दिनेश्वर यादव, राहुल कुमार, जितेंद्र कुमार आदि शामिल थे।
वहीं दूसरी ओर गुरुवार को तीनों नगर निकाय में कोरोना के रोकथाम एवं बचाव के लिए केमिकल से सैनिटाइज व फॉगिंग की गई। इसके अलावा तीनों ही नगर निकाय क्षेत्र में विभिन्न दुकानों में जाकर लोगों को कम से कम एक मीटर की दूरी में खड़ा होकर सामान लेने के लिए आग्रह किया गया। दूरी बनाए रखने से कोरोना संबंधी वायरस का संक्रमण नहीं होता है। दुकानों के सामने गोला बनाकर लोगों को खड़ा किया जा रहा है ताकि कोई एक दूसरे के संपर्क में नहीं आए।