Bharat Bandh Today: झारखंड के कोल्हान में बंद का कोई असर नहीं, घाटशिला में निकले भीम आर्मी समर्थक
Bharat Bandh. भीम आर्मी के भारत बंद के आह्रवान का झारखंड के कोल्हान में कोई असर नहीं है। हालांकि पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में आर्मी के समर्थक सड़क पर निकलेे।
जमशेदपुर,जेएनएन। Bharat Band Effect less in Kolhan Jharkhand नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में प्रस्तावित भारत बंद का कोल्हान प्रमंडल में कोई असर नहीं देखा गया। रविवार होने के कारण सरकारी कार्यालय स्वयं बंद हैं।
उधर, बाजार में भी अन्य दिनों की तरह ही चहल-पहल दिख रही है। सुरक्षा के मद्देनजर घाटशिला क्षेत्र में यात्री बसें सड़कों पर कम उतरीं। हाइवे पर यातायात सामान्य रहा। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हालांकि, घाटशिला की सड़कों पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बाइक जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। सरायकेला, जमशेदपुर और चाईबासा में कहीं कोई प्रदर्शन की सूचना नहीं है।
जनजीवन सामान्य
सरायकेला-खरसावां के जिला मुख्यालय सरायकेला के साथ ही आदित्यपुर, गम्हरिया,खरसावां, राजनगर, चांडिल में जनजीवन सामान्य रहा और दुकानें खुलीं हैं। पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर के साथ ही बंदगांव, कराईकेल, सोनुवा और आनंदपुर में हालात सामान्य हैं। चाईबासा में भी भारत बंद का कोई असर नहीं है। सामान्य दिनों की तरह दुकानें खुली हुई हैं। चाईबासा के साथ जिला के अन्य क्षेत्र नोवामुंडी, बड़ाजामदा, जगन्नाथपुर, मजगांव , हाटगम्हरिया, झींकपानी, खुंटपानी, तांतनगर, मंझारी, कुमारडुंगी सभी जगह सामान्य दिनों की तरह जनजीवन चल रहा है। किसी प्रकार का बंद का असर नहीं है।