श्रीराम मंदिर में शुरू हुआ सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान Jamshedpur News
सूर्य मंदिर कमेटी सिदगोड़ा द्वारा सूर्यमंदिर परिसर में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा व श्रीराम कथा का सात दिवसीय आयोजन शनिवार की शाम को शुरू हो गया।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। सूर्य मंदिर कमेटी सिदगोड़ा द्वारा सूर्यमंदिर परिसर में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा व श्रीराम कथा की सभी तैयारी तो पहले ही पूरी कर ली गई थी। सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान भी शनिवार को शुरू हो गया।
शाम को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास राम मंदिर पहुंचे और पूजा-पाठ किया। इसके बाद अनुष्ठान शुरू हो गया।सात दिवसीय श्रीराम कथा के लिए कथा व्यास व उनकी 15 सदस्यीय टीम समेत प्राण प्रतिष्ठा के लिए 35 सदस्यीय आचार्यो की टीम शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंच चुकी थी।
मुजफ़फरपुर के कारीगरों ने किया पंचकुंडीय यज्ञशाला का निर्माण
मंदिर परिसर में पंचकुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है जहां शनिवार को अनुष्ठान शुरू हुआ। इस यज्ञशाला का निर्माण मुजफ्फरपुर से बुलाए गए कारीगरों ने किया है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह कमेटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने अनुष्ठान की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यज्ञशाला के शीर्ष पर ध्वज स्थापित किया।
सात दिवसीय श्रीराम कथा में मनोरम झांकियां होंगी आकर्षण
मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा में मनोरम झांकियों के माध्यम से प्रसंग का वर्णन किया जाएगा। श्रीराम कथा एवं राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शहरवासियों को शामिल होने का आग्रह किया।
शनिवार शाम चार बजे से संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया। अयोध्याधाम से कथा व्यास मानस मर्मज्ञ अतुल कृष्ण भारद्वाज ने श्रद़धालुओं को कथा का रसपान कराना शुरू किया। शनिवार को कथा में नाम महिमा, कथा महिमा एवं शिव सती प्रसंग का वर्णन किया गया।
विद़युत सज्जा से जगमग पंडाल व मंदिर
इस आयोजन को लेकर पक्का पंडाल निर्माण के संग आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। इस आयोजन में कमेटी के अध्यक्ष संजीव सिंह, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, मिथलेश सिंह यादव, खेमलाल चौधरी, कमलेश सिंह, गुंजन यादव, अमरजीत सिंह राजा, सुशांतो पंडा, संजय सिंह आदि का अहम योगदान है।