विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बच्चा चोरी की अफवाहः अब तक 20 गिरफ्तार, थानेदार नपे

By Sachin MishraEdited By:
Published: Tue, 23 May 2017 10:43 AM (IST)Updated: Tue, 23 May 2017 05:03 PM (IST)

थाना प्रभारी आमिश हुसैन को लापरवाही बरतने के आरोप में वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप टी मैथ्यू ने निलंबित कर दिया है।

बच्चा चोरी की अफवाहः अब तक 20 गिरफ्तार, थानेदार नपे
बच्चा चोरी की अफवाहः अब तक 20 गिरफ्तार, थानेदार नपे

जेएनएन, जमशेदपुर। बच्चा चोरी की अफवाह की आड़ में भीड़ द्वारा की गई नौ हत्याओं व इसके बाद शहर में हुए उपद्रव मामले में प्रशासन ने चौतरफा कार्रवाई शुरू कर दी है। हालात को निपटने में अक्षम रहने के कारण बागबेड़ा व सरायकेला जिले के राजनगर थानों के थानेदार को निलंबित कर दिया गया है। मानगो-धतकीडीह में हुए बवाल में 155 को नामजद आरोपी बनाते हुए चार थानों साकची, मानगो, आजादनगर व बिष्टुपुर थानों में छह प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब तक 20 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

नपे थानेदार:

बागबेड़ा थाना के नागाडीह में 18 मई को जुगसलाई निवासी तीन युवकों को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने के मामले में थाना प्रभारी आमिश हुसैन तो लापरवाही बरतने के आरोप में वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप टी मैथ्यू ने निलंबित कर दिया है। उनकी जगह गोविंदपुर के थाना प्रभारी राजेश रंजन को नया थानेदार बनाया गया है। बतातें चलें कि मारे गए युवकों के भाई द्वारा बागबेड़ा थाना प्रभारी पर लगाए गए आरोपों को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से छापा था। जांच में थाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप साबित हुआ।

दूसरी ओर, सरायकेला के एसपी राकेश बंसल ने थानेदार तिलेश्वर प्रसाद कुशवाहा को निलंबित पीसीआर प्रभारी यज्ञनारायण तिवारी को राजनगर थाना का प्रभारी बनाया है। इस थाना में भी 18 मई को चार लोगों को मार डाला गया था।

मानगो में बवाल करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अभियुक्त चाहे कितने भी असरदार हों और किसी भी संस्था से जुड़े हो, उन्हें कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत कतई नहीं दी जाएगी। -अनूप टी मैथ्यू, एसएसपी

वाट्सएप एडमिन से पूछताछ

राज्य ब्यूरो, रांची। जमशेदपुर के बागबेड़ा और सरायकेला के राजनगर में बच्चा चोरी की अफवाह की आड़ में हुए सामूहिक हत्याकांड की जांच कोल्हान के कमिश्नर व डीआइजी करेंगे। जांच टीम एक महीने के अंदर अपनी जांच रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ वाट्सएप समूह के एडमिन से भी पूछताछ की जा रही है। इस मौके पर डीजीपी डीके पांडेय ने कहा कि पुलिस साइबर अपराध से निटपने के लिए हर जिले में थाना खोलेगी। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि साइबर क्राइम और अफवाहों से बचने के लिए प्रेरित करें। पुलिस सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के माध्यम से दंगा फैलाने वाले लोगों को चिह्न्ति कर रही है।

शहर को नहीं बनने देंगे पत्थरबाजों की पनाहगाह

राज्य ब्यूरो, रांची। संसदीय कार्यमंत्री सरयू राय ने कहा है कि जमशेदपुर को पत्थरबाजों की पनाहगाह नहीं बनने दिया जाएगा। पत्थरबाजी मस्जिद से हुई हो अथवा सड़क से, दोषी जो भी हों, बख्शे नहीं जाएंगे। डीजीपी और एडीजी सीआइडी से जमशेदपुर एवं निकटवर्ती इलाकों में कानून व्यवस्था की जानकारी लेने के बाद उन्होंने यह संकेत दिया।

पुलिस अधिकारियों से मिली जमशेदपुर के मौजूदा हालात की जानकारी उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी दी। सरयू राय ने कहा कि सीसीटीवी, मीडिया फुटेज आदि के जरिए उपद्रवियों की पहचान और कार्रवाई होगी, उन्हें भरोसा है। सरयू राय ने कहा कि मानगो थाना पर हमला करने वाले, पुलिस अधिकारी की कॉलर पकड़ने वाले तथा धार्मिक स्थल की ओर पत्थर चलाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा। जमशेदपुर, बागबेड़ा, राजनगर में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारी भी नपेंगे। अफवाहों के विरुद्ध भी सरकार अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में मुस्लिम एकता मंच को भी मानगो और धतकीडीह की घटना की निंदा करनी होगी। इबादतगाह से पत्थरबाजी के लिए इनकी समिति को जिम्मेदार माना जाएगा और उनसे पूछा जाएगा कि इबादतगाह में पत्थरों का अंबार पहले से था या उसे पत्थरबाज लेकर आए थे। पत्थरबाज मस्जिद के ऊपरी तल पर उनकी मर्जी से घुसे अथवा जबरन। मंच में शामिल भाजपा के सक्रिय पदाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराने को कहा गया है।

यह भी पढ़ेंः थम नहीं रही अफवाहः बच्चा चोर बता युवक को किया अधमरा, ऐसे बचा

यह भी पढ़ेंः बच्चा चोरी की अफवाह में सात को पीट-पीट कर मार डाला, तनाव