Jharkhand Assembly Election 2019 : ईचागढ़ में दिखा उत्साह का उफान, 68 फीसद मतदान Jamshedpur News
मुख्य मुकाबला झामुमो के सविता महतो निर्दलीय प्रत्याशी अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह आजसू प्रत्याशी हरेलाल महतो और भाजपा प्रत्याशी साधुचरण महतो के बीच है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। झारखंड विधानसभा के तीसरे चरण में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 68 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के लिए सुबह से ही उत्साह देख गया। महिलाओं ने इस चुनाव में जमकर मतदान किया।
सुबह घने कोहरे के बीच मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतार में लगे थे। कुछ बूथों को छोड़कर निर्धारित समय सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। बूथ संख्या 261 रावताड़ा, बूथ संख्या 14 गुंदलीडीह, बूथ संख्या 220 टुरु आदि बूथों में ईवीएम खराब रहने के कारण निर्धारित समय पर मतदान शुरू नहीं हो सका।
शाम साढ़े तीन बजे तक बूथ संख्या 14 कुकड़ू प्रखंड के गुंदलीडीह में मतदाताओं की लंबी कतार थी। शांति पूर्वक संपन्न हुए चुनाव में मतदाताओं ने खासी रूचि दिखाई। जमशेदपुर से सटे कपाली के मुस्लिम बहुल क्षेत्र में भी सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगी रही। यहां बूथ ऐप टोकन सिस्टम फेल हो गया।
चुनावी मैदान में 31 उम्मीदवार
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में कुल 31 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला चार उम्मीदवार झामुमो के सविता महतो, निर्दलीय प्रत्याशी अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह, आजसू प्रत्याशी हरेलाल महतो और भाजपा प्रत्याशी साधुचरण महतो के बीच है।
निवर्तमान विधायक साधुचरण महतो लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अरविंद उर्फ मलखान सिंह ईचागढ़ से तीन बार विधायक रह चुके हैं। इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में हैं। सविता महतो दूसरी बार चुनाव लड़ रही है, वे पूर्व उप मुख्यमंत्री सुधीर महतो की पत्नी है। विगत विधानसभा चुनाव में सविता दूसरे स्थान पर थी। वहीं हरेलाल महतो पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। हरेलाल महतो ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।
पूरे विस क्षेत्र में एकमात्र पिंक बूथ
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में एकमात्र महिला बूथ चांडिल के प्लस टू उच्च विद्यालय चांडिल स्थित मतदान केंद्र संख्या 206 को बनाया गया है। यहां मतदाताओं के लिए बैठने, स्वच्छ पेयजल, रास्ते पर कारपेट और चिकित्सा की सुविधा दी गई थी।
इसके साथ प्रवेश द्वारा को बेलून से सजाया गया था। मतदान केंद्र में सेल्फी जोन भी था, जहां मतदाता मतदान करने के बाद सेल्फी ले रहे थे। मतदान शुरू होने के बाद करीब दस बजे बिजली गुल होने के बाद यहां काफी देर तक अंधेरे में ही मतदान होता रहा। कुल 337 मतदान केंद्रों में कुल तीन बूथ मतदान केंद्र संख्या 26 उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुकड़ू, पूर्वी भाग, मतदान केंद्र संख्या 106 मध्य विद्यालय गोरांगकोचा, दक्षिणी भाग और मतदान केंद्र संख्या 169 उच्च विद्यालय रघुनाथपुर, दक्षिणी भाग को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां भी मतदाताओं के लिए कई सुविधा दी गई थी।
बढ़ता गया मत प्रतिशत
मतदान के दौरान जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदाताओं का उत्साह बढ़ता गया। निर्वाचन विभाग द्वारा हर दो घंटे के अंतराल पर जारी किए गए मतदान प्रतिशत में मतदाताओं का उत्साह साफ झलक रहा था।
समय - मत प्रतिशत
09.00 - 14.11
11.00 - 33.44
01.00 - 56.01
03.00 - 67.09