दुर्गापूजा में सोसाइटियों में देर रात तक नृत्य संगीत की तैयारी Jamshedpur News
शहर की विभिन्न सोसाइटियों में दुर्गापूजा को लेकर मानगो की सोसाइटियों में अभी से तैयारी दिखने लगी है। पंडाल बनाने का कार्य जारी है।
जासं जमशेदपुर : शहर की विभिन्न सोसाइटियों में दुर्गापूजा को लेकर मानगो की सोसाइटियों में अभी से तैयारी दिखने लगी है। पंडाल बनाने का कार्य जारी है। महिलाएं और बच्चे पूजा में होने वाली प्रतियोगिताओं और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। वहीं भोग, माता की प्रतिमा व दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। वहीं कई सोसाइटी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी लगी हुई हैं। कहीं कोलकाता से तो कही स्थानीय स्तर पर कलाकार बुलाए जा रहे हैं।
विजया ग्रीन अर्थ में महिलाए करेंगी डांडिया
यहां साल 2004 से दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस साल कॉलोनी में स्वच्छता का संदेश देते हुए पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। यहां पंचमी को बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। षष्ठी और सप्तमी में कॉलोनी के लोगों द्वारा भजन संध्या होगी। साथ ही महिलाओं द्वारा लोकनृत्य किया जाएगा। इसके अलावा शंख प्रतियोगिता और दीप जलाओ प्रतियोगिता भी रखी गई है। नवमी को डांडिया का आयोजन किया गया है।
शहनाई की धुन में होगी पूजा
आशियाना अनंतारा दुर्गा पूजा सोसाइटी में इस बार चौथी बार पूजनोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान सोसाइटी को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। स्थापना के दिन से ही विधिवत पूजा होगी। पहले दिन से ही 11 महिलाएं उपवास रहेंगी। पंचमी को पंडाल का उद्घाटन मंत्री सरयू राय और एसएसपी अनूप बीरथरे करेंगे। षष्टि से लेकर विजयदशमी तक सोसाइटी के लोगों का एक स्थान में खाना पीना होगा। अष्टमी को धनबाद और कोलकाता के कलाकारों के द्वारा आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया है। महा नवमी के दिन महिलाओं के द्वारा डाडिया धमाल होगा। दशहरा में बंगाल के मेचेदा से आए कलाकार शहनाई की धुन से लोगों को मनोरंजन करेंगे। समिति के अध्यक्ष विकास सिंह उपाध्यक्ष निशा सिंह कोषाध्यक्ष रजनीश कुमार हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी पूनम सिंह, रेनू, रजनीश, दीपा, रानू धारी युवा, अन्नू और प्रियंका राय कर रही हैं। समिति के सदस्यों में रामकुमार, आनंद, उमेश, मानस, कैप्टन मनीष, एमके मेथी आर के शरण, विकास शर्मा, नागेन्द्र शामिल हैं।