जदयू झारखंड में शुरू करेगा शराब छोड़ो-दूध पियो अभियान, कल से होगी शुरुआत
जदयू झारखंड में शराब छोड़ो-दूध पियो अभियान चलाएगी। इसकी शुरुआत 14 जुलाई को होगी। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता लोगों से शराब से दूर रहने की अपील करेंगे।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जदयू झारखंड में शराब छोड़ो-दूध पियो अभियान चलाएगी। जदयू के वरीय प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र महतो ने बताया कि प्रदेश में देशव्यापी आंदोलन की औपचारिक शुरुआत 14 जुलाई को होगी। इस अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता लोगों से शराब से तौबा कर दूध पीने का आग्रह करेंगे।
युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह और प्रधान महासचिव कौशल कुमार ने बताया कि पार्टी की एक अहम बैठक भी आदित्यपुर में 14 जुलाई को दोपहर 12 बजे से होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि युवा जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार, राष्ट्रीय महासचिव कुणाल अग्रवाल, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, रामसेवक सिंह, अरुण कुमार सिंह, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू समेत प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित होंगे।
पांच लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी 81 सीटों पर तैयारी शुरू करने, संगठन का विस्तार करने, सदस्यता अभियान चलाने, युवाओं को अधिक संख्या में जोडऩे आदि पर विशेष मंथन होगा। निर्मल सिंह ने बताया कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में पांच लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।